Logo
बीजेपी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में 8 फरवरी 2025 को जीत हासिल की थी। कल 8 फरवरी है, लिहाजा दिल्ली की भाजपा सरकार इस जीत को खास बनाने की तैयारी में जुटी है।

भारतीय जनता पार्टी द्वारा दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में जीत हासिल किए एक साल पूरा होने वाला है। 8 फरवरी 2025 के विधानसभा चुनाव में दिल्ली बीजेपी ने भारी बहुमत से जीत हासिल की थी। अब एक साल पूरा होने पर दिल्ली बीजेपी की सरकार इस अवसर को शानदार तरीके से मनाने की तैयारी कर रही है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस बाबत जानकारी देते हुए कहा कि 8 फरवरी वो दिन है, जिस दिन जनता ने अपना आशीर्वाद देकर भाजपा के विधायकों को जीताया था और दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी थी। उन्होंने बताया कि 8 फरवरी से लेकर 2 मार्च तक हम एक भव्य आयोजन करेंगे। इसके तहत दिल्ली की जनता तक पहुंचेंगे और लोगों के पास एक साल के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड देने का काम करेंगे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आगे कहा कि हम कल से कई परियोजनाओं को शुरु करेंगे। कल हम रामलीला मैदान से 500 EV बसें जनता को समर्पित करेंगे और इसके बाद 20 तारीख तक रोजाना सरकार की अनेक योजनाएं दिल्ली की जनता को समर्पित की जाएंगी। 

20 फरवरी को ली थी शपथ 

दिल्ली विधानसभा चुनाव 5 फरवरी 2025 को हुआ था। 8 फरवरी को नतीजे आए थे। दिल्ली की कुल 70 विधानसभा सीटों में से 48 सीटें बीजेपी के खाते में गई, जबकि आम आदमी पार्टी को 22 सीटें मिली थी। दिल्ली के शालीमार बाग विधानसभा सीट से जीत हासिल करने वाली रेखा गुप्ता को बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व ने बतौर दिल्ली के सीएम के तौर पर चुना था। उन्होंने 20 फरवरी 2025 को सीएम पद की शपथ ली थी। साथ में छह कैबिनेट मंत्रियों ने भी शपथ ली। रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी और बीजेपी की तरफ से दूसरी महिला मुख्यमंत्री हैं। अब देखना होगा कि सीएम रेखा गुप्ता अपनी सरकार के एक साल के पूरा होने पर दिल्लीवासियों को क्या-क्या सौगात देती है।

5379487