Logo
election banner
AAP-Congress Alliance 2024: लोकसभा चुनाव को लेकर आप-कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय हो गया है। अब, इसपर भाजपा नेता मनोज तिवारी ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच हुए समझौते पर तंज कसा है।

AAP-Congress Alliance 2024: आम आदमी पार्टी और कांग्रेस द्वारा शनिवार को 2024 लोकसभा चुनावों के लिए सीट-बंटवारे के समझौते की घोषणा के बाद भाजपा ने तंज कसा है। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने दोनों पार्टियों (कांग्रेस-आप) के नेताओं को 'चोर-चोर मौसेरे भाई' कहा है। मनोज तिवारी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक वीडियो में कहा, "आपने 'चोर चोर मौसेरे भाई' सुना होगा। आप और कांग्रेस के बीच यही हो रहा है।"

तिवारी ने कहा, "आप कार्यकर्ता निराश हैं क्योंकि अरविंद केजरीवाल कांग्रेस नेताओं को जेल में डालने की बात करते थे, लेकिन अब वह उनके चरणों में हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता भी निराश हैं। अरविंद केजरीवाल और आप ने कांग्रेस को उनके 15 साल के शासन से बाहर कर दिया था और अब केजरीवाल राहुल गांधी के साथ मंच साझा कर रहे हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "भाजपा और नरेंद्र मोदी सभी के दिलों में हैं। दिल्ली की जनता सब कुछ तय करेगी क्योंकि आज यह स्पष्ट है कि आप और कांग्रेस के शीर्ष नेता एक ही हैं।"

AAP और Congress के बीच सीटों का बंटवारा
शनिवार, को आप और कांग्रेस ने दिल्ली, गुजरात, गोवा और हरियाणा के लिए सीट-बंटवारे के फॉर्मूले की घोषणा करते हुए कहा कि आप दिल्ली में चार लोकसभा सीटों पर और कांग्रेस तीन सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

आपको बता दें कि, दिल्ली में कुल सात संसदीय क्षेत्र हैं और 2019 लोकसभा चुनाव में सभी सीटों पर भाजपा के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज किए थे। मनोज तिवारी उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से सांसद हैं।

सपा और कांग्रेस के बीच भी सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच भी सीटों का बंटवारा हो गया है। उत्तर प्रदेश की कुल 80 सीटों में से 17 सीटों पर कांग्रेस, सपा समेत INDIA गठबंधन के बाकी दलों को 63 सीटें मिली हैं।

कब होंगे 2024 लोकसभा चुनाव?
भारत में 18वीं लोकसभा के सदस्यों के चुनाव के लिए अप्रैल और मई 2024 तक लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) होने की उम्मीद है। लोकसभा का कार्यकाल 16 जून 2024 को समाप्त होने वाला है।

5379487