Logo
भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम ट्रेड फ्रेमवर्क पर सहमति बनी है। PM नरेंद्र मोदी ने इसे बड़ी उपलब्धि बताया। टैरिफ कट से MSME, किसान, स्टार्टअप और ‘मेक इन इंडिया’ को बड़ा फायदा होगा।

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारत और अमेरिका के बीच घोषित अंतरिम ट्रेड फ्रेमवर्क का स्वागत किया है। उन्होंने इसे दोनों देशों के रिश्तों के लिए एक बड़ी उपलब्धि और मजबूत होती रणनीतिक साझेदारी का प्रतीक बताया। यह फ्रेमवर्क महीनों चली बातचीत और टैरिफ से जुड़े मतभेदों के बाद हासिल हुआ है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा, “भारत और USA के लिए बहुत अच्छी खबर! हम अपने दो महान देशों के बीच एक अंतरिम ट्रेड एग्रीमेंट के फ्रेमवर्क पर सहमत हो गए हैं। मैं प्रेसिडेंट ट्रंप को हमारे देशों के बीच मजबूत रिश्तों के लिए उनके पर्सनल कमिटमेंट के लिए धन्यवाद देता हूं।”
उन्होंने इस समझौते को आपसी विश्वास, साझेदारी की गहराई और तेज़ी से आगे बढ़ते सहयोग का प्रमाण बताया।

इस अंतरिम फ्रेमवर्क के तहत भारत ने अमेरिकी औद्योगिक सामानों और कृषि उत्पादों पर टैरिफ कम करने या समाप्त करने पर सहमति जताई है। इनमें ड्राइड डिस्टिलर्स ग्रेन्स (DDGs), रेड सोरघम, ट्री नट्स, ताजे और प्रोसेस्ड फल, सोयाबीन ऑयल, वाइन और स्पिरिट्स जैसे उत्पाद शामिल हैं। इससे भारतीय बाजार अमेरिकी उत्पादों के लिए और अधिक खुलेंगे।

वहीं, अमेरिका ने भारतीय निर्यात पर लगाए गए रेसिप्रोकल टैरिफ को 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने का फैसला किया है। इससे टेक्सटाइल, अपैरल, लेदर, फुटवियर, प्लास्टिक, रबर, ऑर्गेनिक केमिकल्स, होम डेकोर, आर्टिसनल प्रोडक्ट्स और कुछ मशीनरी सेक्टर को सीधा लाभ मिलेगा। समझौता पूरी तरह लागू होने पर जेनेरिक फार्मास्यूटिकल्स, जेम्स एंड डायमंड्स और एयरक्राफ्ट पार्ट्स जैसे भारतीय उत्पादों पर टैरिफ पूरी तरह हटाए जाने की संभावना है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह फ्रेमवर्क ‘मेक इन इंडिया’ को मजबूती देगा और किसानों, उद्यमियों, MSMEs, स्टार्टअप इनोवेटर्स और मछुआरों के लिए नए अवसर पैदा करेगा। इससे महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा और भरोसेमंद वैश्विक सप्लाई चेन को मजबूती मिलेगी।

दोनों देशों ने संयुक्त बयान में कहा है कि इस फ्रेमवर्क को तुरंत लागू किया जाएगा और आपसी लाभ वाले पूर्ण द्विपक्षीय व्यापार समझौते (Bilateral Trade Agreement-BTA) को जल्द अंतिम रूप देने की दिशा में काम किया जाएगा। यह कदम भारत की ‘विकसित भारत’ की परिकल्पना और भविष्योन्मुखी वैश्विक साझेदारी को और मजबूत करता है।

5379487