High Blood Pressure: हाई ब्लड प्रेशर से 5 अंग होते हैं प्रभावित, जानिए किस तरह होता है नुकसान

high blood pressure side effects over body
X

हाई ब्लड प्रेशर के साइड इफेक्ट्स।

High Blood Pressure: हाई ब्लड प्रेशर की बीमारी को साइलेंट किलर कहा जाता है। इस डिजीज के होने पर अपना खास ख्याल रखना जरूरी है।

High Blood Pressure: हाई ब्लड प्रेशर की समस्या इन दिनों बहुत कॉमन हो चुकी है। कम उम्र में ही लोग इस परेशानी से जूझने लगे हैं। लोग भले ही इसे सामान्य मानते हैं लेकिन ये एक खतरनाक बीमारी है जो लापरवाही बरतने पर आपको गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है। लगातार ब्लड प्रेशर हाई रहने पर हार्ट, किडनी, आंखों समेत अन्य अंगों पर बुरा असर पड़ सकता है।

ब्लड प्रेशर अगर जरूरत से ज्यादा हाई हो जाए तो हार्ट अटैक और ब्रेन हैमरेज भी हो सकता है और मौत हो सकती है। ऐसे में हाई ब्लड प्रेशर की समस्या को हल्के में लेना मुनासिब नहीं है।

शरीर के 5 अंग हो सकते हैं डैमेज

हार्ट हेल्थ

हाई ब्लड प्रेशर का सबसे ज्यादा असर दिल की सेहत पर पड़ता है। लगातार बढ़ा हुआ ब्लड प्रेशर हार्ट की धमनियों को कमजोर कर देता है। ऐसे में हार्ट अटैक और हार्ट फेल्योर का खतरा बढ़ता है। ब्लड प्रेशर कंट्रोल न रहे तो दिल को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे हार्ट की मसल्स मोटी और कठोर हो सकती हैं।

दिमाग

ब्लड प्रेशर बढ़ने से ब्रेन में स्ट्रोक का खतरा कई गुना तक बढ़ जाता है। स्ट्रोक तब होता है जब दिमाग की नसें ब्लॉक हो जाती हैं या फट जाती हैं। हाई बीपी से ब्रेन सेल्स को ठीक से ऑक्सीजन नहीं मिल पाती, जिससे याददाश्त कम होना, चक्कर आना और गंभीर मामलों में लकवा तक हो सकता है।

किडनी

हाई ब्लड प्रेशर का असर किडनी की सेहत पर भी पड़ता है। इससे किडनी की छोटी ब्लड वेसल्स को नुकसान पहुंचाता है। जिससे किडनी सही तरीके से खून को फिल्टर नहीं कर पाती और शरीर में टॉक्सिन्स जमा होने लगते हैं। लंबे समय तक ऐसा होने पर किडनी फेल्योर तक हो सकता है और डायलिसिस या ट्रांसप्लांट की जरूरत पड़ सकती है।

आंखें

लगातार हाई बीपी से आंखों की नाजुक नसें प्रभावित होती हैं। इससे रेटिनोपैथी नामक स्थिति पैदा हो सकती है। इसमें आंखों की रोशनी धीरे-धीरे कम होने लगती है। गंभीर मामलों में यह अंधेपन तक का कारण बन सकता है। ब्लड प्रेशर बढ़ने से आंखों में ब्लड स्पॉट्स और धुंधला दिखाई देना भी आम समस्या है।

धमनियां

हाई ब्लड प्रेशर धमनियों को कठोर और मोटा कर देता है। इससे ब्लड फ्लो रुक जाता है और हार्ट अटैक व स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। कमजोर धमनिया फूलने लगती हैं, जो फटने पर जानलेवा साबित होता है।

(Disc।aimer: इस आर्टिकल में दी गई सामग्री सिर्फ जानकारी के लिए है। हरिभूमि इनकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी सलाह या सुझाव को अमल में लेने से पहले किसी डॉक्टर/विशेषज्ञ से परामर्श जरूर लें।)

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story