Woolen Clothes: सर्दियां खत्म होते ही अलमारी में रखे स्वेटर, शॉल और जैकेट को पैक करने की तैयारी शुरू हो जाती है। अक्सर लोग जल्दबाजी में ऊनी कपड़ों को बिना सही तरीके से साफ और सुरक्षित रखे पैक कर देते हैं। नतीजा अगले साल जब निकालते हैं तो बदबू, दाग या कीड़ों से खराब हुए कपड़े हाथ लगते हैं।
अगर आप चाहते हैं कि आपके महंगे ऊनी कपड़े सालभर बाद भी नए जैसे दिखें और फ्रेश महकें, तो पैकिंग से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। थोड़ी-सी सावधानी आपके कपड़ों की उम्र बढ़ा सकती है और उन्हें नुकसान से बचा सकती है।
ऊनी कपड़े स्टोर करने के लिए टिप्स
पैक करने से पहले अच्छी तरह धोएं या ड्राई क्लीन कराएं
ऊनी कपड़ों को सीधे अलमारी में रखने की गलती न करें। पहनने के दौरान पसीना, धूल और हल्की गंदगी कपड़ों में रह जाती है। अगर इन्हें बिना साफ किए स्टोर किया गया तो बदबू और फंगस की समस्या हो सकती है। बेहतर है कि स्वेटर और शॉल को हल्के डिटर्जेंट से धोकर पूरी तरह सुखा लें या जरूरत हो तो ड्राई क्लीन करा लें।
पूरी तरह सूखा होना जरूरी
कपड़े पैक करने से पहले सुनिश्चित करें कि उनमें नमी बिल्कुल न हो। हल्की-सी भी नमी फफूंदी (मोल्ड) का कारण बन सकती है। धूप में सुखाने के बाद कपड़ों को ठंडी जगह पर कुछ देर फैला कर रखें, ताकि बची हुई नमी भी खत्म हो जाए।
एयरटाइट बैग या स्टोरेज बॉक्स का इस्तेमाल करें
ऊनी कपड़ों को स्टोर करने के लिए एयरटाइट बैग, वैक्यूम स्टोरेज बैग या प्लास्टिक कंटेनर का इस्तेमाल करें। इससे नमी और कीड़ों से सुरक्षा मिलती है। कपड़ों को ज्यादा कसकर न रखें, वरना उनकी शेप खराब हो सकती है।
नेफ्थलीन बॉल या प्राकृतिक उपाय रखें
कपड़ों को कीड़ों से बचाने के लिए नेफ्थलीन बॉल या कपूर रख सकते हैं। अगर आप प्राकृतिक तरीका अपनाना चाहते हैं, तो नीम की सूखी पत्तियां या लैवेंडर सैशे भी रख सकते हैं। इससे कपड़ों में अच्छी खुशबू भी बनी रहती है।
समय-समय पर जांच करें
भले ही कपड़े लंबे समय के लिए स्टोर किए गए हों, लेकिन हर दो-तीन महीने में एक बार उन्हें निकालकर जांच लेना बेहतर है। इससे किसी भी तरह की नमी, कीड़े या बदबू की समस्या को समय रहते रोका जा सकता है।
अतिरिक्त टिप्स
- ऊनी कपड़ों को हैंगर पर टांगकर स्टोर न करें, इससे उनकी शेप बिगड़ सकती है।
- गहरे रंग और हल्के रंग के कपड़े अलग-अलग रखें।
- स्टोरेज की जगह सूखी और ठंडी होनी चाहिए।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।









