Moringa Soup: इम्यूनिटी बढ़ाने से वजन घटाने तक, मोरिंगा सूप के हैं 5 बड़े फायदे, इस तरह करें तैयार

मोरिंगा सूप पीने के फायदे और बनाने का तरीका।
Moringa Soup: सर्दियों के मौसम में शरीर को हेल्दी और एनर्जी से भरपूर रखने के लिए सूप सबसे बेहतरीन विकल्प है। लेकिन अगर सूप में स्वाद के साथ-साथ हेल्थ का तड़का भी मिल जाए, तो बात ही कुछ और है। मोरिंगा सूप यानी सहजन की पत्तियों से बना यह सुपरहेल्दी ड्रिंक विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है। इसे नेचुरल एनर्जी ड्रिंक भी कहा जाता है क्योंकि यह शरीर को अंदर से मजबूत बनाता है।
मोरिंगा या सहजन की पत्तियां कई तरह के पोषक तत्वों का खजाना हैं इनमें कैल्शियम, आयरन, विटामिन सी, और प्रोटीन प्रचुर मात्रा में होता है। नियमित रूप से इसका सूप पीने से पाचन सुधरता है, वजन नियंत्रित रहता है और इम्यूनिटी भी बढ़ती है। आइए जानते हैं मोरिंगा सूप के 5 बड़े फायदे और इसे घर पर बनाने की आसान विधि।
मोरिंगा सूप पीने के फायदे
इम्यूनिटी बढ़ाता है: मोरिंगा की पत्तियों में विटामिन C और जिंक की मात्रा बहुत अधिक होती है, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाती है। रोजाना इसका सूप पीने से सर्दी-जुकाम और संक्रमण से बचाव होता है।
वजन घटाने में मददगार: मोरिंगा सूप में कैलोरी कम और फाइबर अधिक होता है। यह पेट को लंबे समय तक भरा रखता है और अनहेल्दी स्नैकिंग से रोकता है। इस वजह से यह वेट लॉस डाइट के लिए परफेक्ट है।
ब्लड शुगर कंट्रोल करता है: इस सूप में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स ब्लड शुगर को नियंत्रित करने में मदद करते हैं। डायबिटीज के मरीजों के लिए यह बहुत फायदेमंद माना जाता है।
पाचन सुधारता है: मोरिंगा में फाइबर और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं जो पेट की गैस, कब्ज और एसिडिटी जैसी समस्याओं को कम करते हैं। इससे डाइजेशन दुरुस्त रहता है।
त्वचा और बालों के लिए फायदेमंद: मोरिंगा सूप विटामिन A, E और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है, जो त्वचा को ग्लोइंग और बालों को मजबूत बनाते हैं। यह शरीर के अंदर से डिटॉक्स भी करता है।
मोरिंगा सूप बनाने की विधि
सामग्री
- 1 कप ताजी मोरिंगा (सहजन) की पत्तियां
- 1 बारीक कटा प्याज
- 2-3 लहसुन की कलियां
- 1 छोटा टमाटर
- 1 छोटा चम्मच घी या ऑलिव ऑयल
- स्वादानुसार नमक और काली मिर्च
- 2 कप पानी
- थोड़ा नींबू रस (वैकल्पिक)
विधि: सबसे पहले मोरिंगा की पत्तियों को अच्छी तरह धोकर साफ करें। एक पैन में घी या ऑलिव ऑयल गर्म करें। इसमें प्याज और लहसुन डालकर सुनहरा होने तक भूनें। अब टमाटर और मोरिंगा की पत्तियां डालें। 2–3 मिनट तक भूनें। फिर इसमें 2 कप पानी डालें और 10 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें। ठंडा होने पर सूप को मिक्सर में पीस लें और छलनी से छान लें। अब इसे दोबारा गर्म करें, नमक और काली मिर्च डालें। चाहें तो थोड़ा नींबू रस भी मिला सकते हैं।
(Disc।aimer: इस आर्टिकल में दी गई सामग्री सिर्फ जानकारी के लिए है। हरिभूमि इनकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी सलाह या सुझाव को अमल में लेने से पहले किसी डॉक्टर/विशेषज्ञ से परामर्श जरूर लें।)
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
(लेखक:कीर्ति)
