Lachha Paratha: परतदार कुरकुरा लच्छा पराठा बनाना है आसान, जानें स्टेप बाय स्टेप तरीका

लच्छा पराठा बनाने का तरीका।
Lachha Paratha: भारतीय रसोई में पराठों का अपना ही एक खास स्थान है। आलू, गोभी, पनीर या सादा हर तरह का पराठा स्वाद और पेट दोनों को खुश कर देता है। लेकिन जब बात आती है लच्छा पराठा की, तो इसकी परतदार बनावट और कुरकुरे स्वाद का कोई मुकाबला नहीं। ज्यादातर लोग सोचते हैं कि लच्छा पराठा बनाना मुश्किल है, जबकि सच यह है कि थोड़ी सी ट्रिक और सही बेलने के तरीके से आप भी घर पर होटल जैसा लच्छा पराठा बना सकते हैं।
लच्छा पराठा सिर्फ खाने में नहीं, देखने में भी लाजवाब लगता है। इसकी परतें हल्की-सी सुनहरी और क्रिस्पी होती हैं जो किसी भी करी, दाल या रायते के साथ बढ़िया लगती हैं। खास बात यह है कि इसे सूखा, मक्खन या घी में फ्राई करके अलग-अलग तरीके से परोसा जा सकता है।
लच्छा पराठा बनाने के लिए सामग्री
- 2 कप गेहूं का आटा
- 2 चम्मच तेल या घी
- स्वादानुसार नमक
- पानी (गूंथने के लिए)
- सेंकने के लिए घी या तेल
लच्छा पराठा बनाने का तरीका
लच्छा पराठा काफी पसंद किया जाता है और होटल में इसकी बहुत डिमांड रहती है। इसे आप घर पर बनाना चाहते हैं तो थोड़ी सी ट्रिक इस काम को आसान बना देगी। सबसे पहले एक बाउल में आटा, नमक और तेल डालें। धीरे-धीरे पानी डालते हुए मुलायम आटा गूंथ लें। अब इस आटे को 15-20 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि यह अच्छी तरह सेट हो जाए।
इसके बाद आटे की लोई लें और इसे गोल बेल लें। अब उस पर घी या तेल लगाएं और थोड़ा सूखा आटा छिड़कें। इसके बाद इसे एक तरफ से रोल करते हुए लंबा स्ट्रिप बनाएं (जैसे पतली रस्सी)। अब इस रोल को गोल-गोल घुमाकर लच्छा जैसी लोई बना लें और फिर हल्के हाथों से बेलें ताकि परतें बनी रहें।
तवा गर्म करें। अब पराठा तवे पर डालें और दोनों तरफ हल्का-हल्का सेकें। फिर घी लगाकर दोनों ओर से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें। जब परतें ऊपर उठने लगें, तो पराठा तैयार है। लच्छा पराठा गर्मागर्म मक्खन के साथ परोसें।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
(लेखक:कीर्ति)
