Gond Laddu: सर्दियों में ताकत का पावरहाउस हैं गोंद के लड्डू, शरीर की गर्माहट रखेंगे बरकरार, सीखें रेसिपी

how to make gond laddu for winter
X

गोंद के लड्डू बनाने का तरीका।

Gond Laddu Recipe: सर्दी के सीजन में गोंद से बने लड्डुओं का सेवन बेहद लाभकारी होता है। ताकत से भरे इन लड्डुओं को आसानी से बनाया जा सकता है।

Gond Laddu Recipe: सर्दियों में शरीर को अतिरिक्त ऊर्जा और गर्माहट की जरूरत होती है। ऐसे में गोंद के लड्डू एक पारंपरिक देसी सुपरफूड की तरह काम करते हैं। ये न सिर्फ ठंड से बचाते हैं, बल्कि कमजोरी, थकान और जोड़ों के दर्द में भी राहत देने में मददगार माने जाते हैं। गोंद के लड्डुओं को बनाकर आप कुछ वक्त तक आसानी से स्टोर भी कर सकते हैं। गोंद में नेचुरल हीटिंग प्रॉपर्टीज होती हैं, जो शरीर को गर्म रखने में मदद करती हैं।

बुजुर्गों, बच्चों और नई माताओं के लिए गोंद के लड्डू बेहद फायदेमंद होते हैं। ड्राई फ्रूट्स और देसी घी से बने ये लड्डू शरीर को अंदर से मजबूती देते हैं। आइए जानते हैं घर पर स्वादिष्ट और पौष्टिक गोंद के लड्डू बनाने की आसान रेसिपी।

गोंद के लड्डू बनाने के लिए सामग्री

  • खाने वाली गोंद - 100 ग्राम
  • देसी घी - 200 ग्राम
  • गेहूं का आटा - 200 ग्राम
  • गुड़ (कद्दूकस किया हुआ) - 250 ग्राम
  • बादाम - 15-20 (कटे हुए)
  • काजू - 15-20 (कटे हुए)
  • अखरोट - 10-12 (कटे हुए)
  • किशमिश - 2 टेबलस्पून
  • इलायची पाउडर - 1 टीस्पून
  • सूखा नारियल (वैकल्पिक) - 2 टेबलस्पून

गोंद के लड्डू बनाने का तरीका

गोंद के लड्डू स्वाद और पोषण का खज़ाना लिए हुए हैं। इन्हें तैयार करने के लिए सबसे पहले कढ़ाही में थोड़ा देसी घी गर्म करें। अब गोंद को धीमी आंच पर डालें। गोंद फूलकर कुरकुरी हो जाएगी। इसे निकालकर ठंडा करें और दरदरा कूट लें।

उसी कढ़ाही में थोड़ा और घी डालें और गेहूं के आटे को धीमी आंच पर सुनहरा होने तक भूनें। आटे से खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें। अब थोड़े से घी में बादाम, काजू और अखरोट हल्के से भून लें। किशमिश को आखिर में डालें, ताकि वह फूले।

अब एक अलग पैन में गुड़ को धीमी आंच पर पिघलाएं। इसमें थोड़ा सा पानी डाल सकते हैं। गुड़ पूरी तरह घुल जाए तो गैस बंद कर दें। अब एक बड़े बर्तन में भुना आटा, कुटी गोंद, ड्राई फ्रूट्स, इलायची पाउडर और गुड़ की चाशनी मिलाएं। मिश्रण हल्का गुनगुना रहे तो हाथों से लड्डू बांध लें।

लड्डू ठंडे और सैट होने के बाद उन्हें एयरटाइट डिब्बे में स्टोर करें। स्वाद और पोषण से भरपूर गोंद लड्डू रोज़ एक खाना ही पर्याप्त हैं। इसे दूध के साथ खाने से फायदे और भी बढ़ जाते हैं।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story