Apple Wax: आप तो नहीं खा रहे वैक्स वाला सेब? मोम की परत हटाने में 5 टिप्स करेंगे मदद

सेब से वैक्स हटाने के तरीके।
Apple Wax: सेब सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है, लेकिन आजकल बाजार में मिलने वाले ज्यादातर सेबों पर वैक्स की परत चढ़ी होती है। यह परत सेब को चमकदार और लंबे समय तक ताज़ा दिखाने के लिए लगाई जाती है। हालांकि ज्यादा मात्रा में इस वैक्स का सेवन सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है।
अगर आप सेब खाने से पहले उसकी वैक्स लेयर को साफ नहीं करते, तो अनजाने में यह केमिकल आपके शरीर में चला जाता है। हालांकि, कुछ आसान घरेलू टिप्स अपनाकर आप सेब की सतह पर जमी वैक्स की परत को हटा सकते हैं और इसे सुरक्षित तरीके से खा सकते हैं।
सेब से वैक्स हटाने के टिप्स
गुनगुने पानी से धोएं: सेब को गुनगुने पानी में 2-3 मिनट के लिए डुबोकर रखें। इसके बाद ब्रश या कपड़े से हल्का-सा रगड़ें। इससे ऊपर की वैक्स की परत ढीली होकर निकल जाती है। ये सेब से वैक्स हटाने का आसान तरीका भी है।
सिरका या नींबू के रस से साफ करें: एक बाउल में पानी लेकर उसमें 1 चम्मच सिरका या नींबू का रस डालें। इसमें सेब को कुछ मिनट भिगोकर रखें और फिर धो लें। यह नेचुरल एसिड सेब पर लगी वैक्स को आसानी से हटा देता है।
बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करें: बेकिंग सोडा एक बेहतरीन क्लीनर है। 1 गिलास पानी में 1 चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं और उसमें सेब को धो लें। यह सेब की सतह से वैक्स हटाने में कारगर है।
नमक से रगड़ें: सेब पर थोड़ा नमक छिड़ककर गीले कपड़े से हल्का-सा रगड़ें और फिर पानी से धो लें। नमक की क्रिस्टल जैसी बनावट वैक्स की परत को जल्दी हटा देती है।
छीलकर खाएं: अगर आपको पूरी तरह से सुनिश्चित करना है कि वैक्स शरीर में न जाए तो इसके लिए सेब को छीलकर खाना सबसे आसान और सुरक्षित तरीका है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
लेखक: (कीर्ति)
