Cockroach Problem: किचन में कॉकरोचों ने नाक में दम कर दिया है? 5 घरेलू उपायों से पाएं इनसे छुटकारा

किचन से कॉकरोच दूर रखने के तरीके। (Image-AI)
how to Get Rid of Cockroaches: किचन में अगर कॉकरोच नजर आ जाए तो परेशान होना लाजिमी है। किचन में इधर-उधर घूमते नजर आते कॉकरोच नाक में दम करने वाले होते हैं। इससे न सिर्फ सफाई पर सवाल उठता है, बल्कि ये हाइजीन को भी बुरी तरह प्रभावित करते हैं और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इस परेशानी से कुछ घरेलू तरीके निजात दिलाने में मदद कर सकते हैं।
बाजार में कॉकरोच मारने के लिए वैसे तो कई प्रोडक्ट्स उपलब्ध हैं, लेकिन आप कुछ घरेलू तरीकों से भी इस समस्या को दूर कर सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही 5 असरदार घरेलू नुस्खे।
कॉकरोच दूर भगाएंगे 5 तरीके
बोरिक पाउडर और चीनी
बोरिक पाउडर कॉकरोचों के लिए जानलेवा होता है। इस पाउडर में थोड़ी सी चीनी में मिलाकर किचन के कोनों और अंदर की जगहों पर छिड़क दें। जैसे गैस के पीछे, सिंक के नीचे या कोनों में। चीनी की खुशबू से कॉकरोच आकर्षित होते हैं और बोरिक पाउडर उन्हें मार देता है।
बेकिंग सोडा और प्याज का पेस्ट
एक कटोरी में बारीक कटी प्याज लें और उसमें बेकिंग सोडा मिलाएं। इस मिश्रण को उन सभी स्थानों पर रखें जहां कॉकरोच दिखाई देते हैं। यह तरीका कॉकरोच कॉकरोच को किचन से दूर रखने में मददगार रहेगा।
खीरे के टुकड़े रखें
खीरे की स्मैल कॉकरोच बिल्कुल पसंद नहीं करते। जिन जगहों पर ये कीड़े बार-बार आते हैं, वहां खीरे के टुकड़े रख दें। इससे कॉकरोच खुद-ब-खुद भाग जाएंगे। यह उपाय बच्चों और पालतू जानवरों वाले घरों के लिए बेहद सुरक्षित और मुफीद है।
नींबू का रस और पानी का स्प्रे
नींबू का रस एक नेचुरल एंटीसेप्टिक है और इसकी गंध होने पर कॉकरोच दूर रहते हैं। एक स्प्रे बोतल में नींबू का रस और पानी मिलाएं और रोज किचन की सतहों, कोनों और सिंक में इसका स्प्रे करें।
तेजपत्ता
तेजपत्ता की तेज स्मैल भी कॉकरोचों को दूर भगाने में मदद करती है। कुछ सूखे तेजपत्ते लें और उन्हें पीसकर पाउडर बना लें। इस पाउडर को किचन के कोनों, अलमारी और दराजों में छिड़क दें। यह एक नेचुरल रिपेलेंट का काम करता है।
