Kiran Rao: आमिर खान की पूर्व पत्नी और फिल्ममेकर किरण राव कुछ समय से फिल्मी दुनिया से गायब हैं। हालांकि सोशल मीडिया पर वह अक्सर एक्टिव नजर आती हैं। इसी बीच उन्होंने तबीयत बिगड़ने की जानकारी फैंस के साथ साझा की। किरण राव ने सोशल मीडिया पर बताया कि वह चिकनगुनिया से संक्रमित हैं और फिलहाल घर पर आराम कर रही हैं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज़ के जरिए फैंस को अपनी सेहत की जानकारी दी और लोगों से सावधानी बरतने की अपील भी की।
किरण राव को हुआ चिकनगुनिया
किरण ने एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह बिस्तर पर लेटी नजर आ रही हैं और उनके पास उनकी बिल्ली बैठी है। मजाकिया अंदाज़ में उन्होंने लिखा, “अब मुझे चिकनगुनिया हो गया है। और हां, मिरी मेरी बेहतरीन पैरामेडिक है, जो समय-समय पर मेरी तबीयत की निगरानी कर रही है।” इसके साथ उन्होंने थर्मामीटर और किताब की तस्वीर भी पोस्ट की।
‘धीरे-धीरे रिकवर कर रही हूं’
बीमारी के बावजूद किरण ने सकारात्मक रहने की बात कही। उन्होंने बताया कि लक्षण काफी गंभीर हैं, इसलिए फिलहाल वह चीजों को धीरे-धीरे ले रही हैं और पूरी तरह ठीक होने पर ध्यान दे रही हैं। फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
सिनेमा में खास पहचान
किरण राव ने अपने करियर की शुरुआत सहायक निर्देशक के तौर पर की थी। उन्होंने 'लगान' में निर्देशक आशुतोष गोवारिकर के साथ काम किया और बाद में 'स्वदेस' में भी उन्हें असिस्ट किया।
वह 'दिल चाहता है' में एक छोटे से किरदार में भी नजर आई थीं। इसके अलावा उन्होंने निर्देशक मीरा नार के साथ फिल्म 'मॉनसून वेडिंग' में सेकेंड असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में काम किया।
बतौर निर्देशक उनकी फिल्म 'धोबी घाट' को सराहना मिली थी। हाल ही में उनकी फिल्म 'लापता लेडीज़' को 97वें अकादमी अवॉर्ड्स के लिए बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में भारत की आधिकारिक एंट्री चुना गया था।










