Tumbbad 2: फिल्म 'तुम्बाड़' 2018 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म ने दर्शकों को हॉरर के साथ अनोखी और रहस्यमयी पौराणिक कहानी का एक्सपीरियंस दिया था। अब इस फिल्म के सीक्वल को लेकर एक्साइटमेंट तेज हो गया है। फिल्म की कास्टिंग को लेकर पहले ही काफी चर्चाएं हैं। अब नई खबर के मुताबिक फिल्म में खलनायक की भूमिका निभाने के लिए धुरंधर से बेशुमार चर्चाएं बटोरने वाले अक्षय खन्ना और नवाजुद्दीन सिद्दिकी का नाम सामने आ रहा है।
कौन बनेगा खलनायक?
सूत्रों की मानें तो 'तुम्बाड़ 2' में खलनायक की भूमिका कहानी के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, एक सूत्र ने बताया, “सीक्वल में एक शक्तिशाली खलनायक होना जरूरी है। अक्षय खन्ना और नवाज़ुद्दीन सिद्धिकी इस समय इस भूमिका के लिए चर्चा में हैं। दोनों ही अभिनेता जटिल और अप्रत्याशित किरदार निभाने में माहिर हैं, जो 'तुम्बाड़' की रहस्यमय और मनोवैज्ञानिक दुनिया के लिए एकदम फिट बैठते हैं।”
सूत्र ने आगे कहा, “निर्माताओं का मकसद है कि खलनायक सिर्फ डरावना न हो, बल्कि उसकी गहराई और परतदार व्यक्तित्व कहानी को और रोमांचक बनाए। यह किरदार सोहुम के किरदार के सामने दमदार और चुनौतीपूर्ण दिखाई दे।”
अक्षय खन्ना ने हाल ही में कई ऐसे किरदार निभाए हैं, जिनमें नैतिक अस्पष्टता और जटिलता देखने को मिलती है। वहीं, नवाज़ुद्दीन सिद्धिक़ी लंबे समय से अपने गहरे और अप्रत्याशित किरदारों के लिए जाने जाते हैं। यदि इनमें से कोई एक चुना जाता है, तो यह सीक्वल की कहानी और टोन को और ऊंचाई तक ले जा सकता है।
सोहम शाह का सिनेमाई विज़न
'तुम्बाड़' सिर्फ एक सीक्वल नहीं बल्कि सोहम शाह के बनाए हुए यूनिवर्स का विस्तार है। सोहम शाह फिल्म्स के तहत अभिनेता और निर्माता के रूप में वह इस दुनिया की मिथकीय गहराई और टोनल इंटेग्रिटी को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
पेन स्टूडियोज़ के साथ इस सहयोग का मतलब है कि फिल्म बड़े पैमाने पर और भव्य रूप में बनाई जाएगी, जिसमें कहानी की गहराई के साथ-साथ सिनेमाई दृश्य और भी भव्य दिखाई देंगे।










