Logo
The Kerala Story 2 Trailer: ‘द केरला स्टोरी 2’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म में उन तीन हिंदू लड़कियों की संघर्षभरी कहानी दिखाई गई है, जो धोखे और जबरन धर्म परिवर्तन के खिलाफ लड़ती हैं।

The Kerala Story 2 Trailer: साल 2023 में रिलीज हुई फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ की सफलता के बाद अब इसका सीक्वल दर्शकों के सामने आने वाला है। निर्माता विपुल अमृतलाल शाह एक बार फिर इसी विषय को नए अंदाज़ में लेकर लौटे हैं। फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2 - गोज़ बियॉन्ड’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है, जिसने आते ही सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है।

ट्रेलर में दिखी डर और साज़िश की कहानी

‘द केरल स्टोरी 2 - गोज़ बियॉन्ड’ के ट्रेलर की शुरुआत एक चेतावनी के साथ होती है, जिसमें दावा किया जाता है कि आने वाले 25 वर्षों में भारत की पहचान बदल सकती है। इसके बाद कहानी अलग-अलग राज्यों की तीन लड़कियों के इर्द-गिर्द घूमती नजर आती है।

पहली कहानी राजस्थान से जुड़ी है, जहां एक परिवार अपनी नाबालिग बेटी के कथित धर्म परिवर्तन को लेकर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराता है। इसके बाद कहानी मध्य प्रदेश पहुंचती है, जहां एक युवती को प्रेम और शादी के नाम पर धोखे में रखकर कथित तौर पर धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया जाता है।

ये भी पढ़ें- फूला चेहरा, बढ़ा वजन... राजकुमार राव ने नए लुक पर ट्रोल होने पर तोड़ी चुप्पी, बोले- 'रोज पिज्जा-बिरयानी खाना पड़ा'

ट्रेलर का तीसरा हिस्सा केरल पर केंद्रित है। यहां एक युवक अपनी हिंदू प्रेमिका को लिव-इन रिलेशनशिप का प्रस्ताव देता है। लड़की के इंकार करने के बाद उसके साथ जबरन व्यवहार और प्रताड़ना के दृश्य दिखाए गए हैं। ट्रेलर में तीनों लड़कियों के संघर्ष, मानसिक और शारीरिक यातना तथा परिवारों की बेबसी को भावनात्मक तरीके से पेश किया गया है।

नई स्टारकास्ट

फिल्म का निर्देशन कामाख्या नारायण सिंह ने किया है। इसमें मुख्य भूमिकाओं में उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओझा नजर आएंगी। तीनों अभिनेत्रियां अलग-अलग पृष्ठभूमि की युवतियों का किरदार निभा रही हैं, जिनकी ज़िंदगी प्यार के बाद एक खतरनाक मोड़ लेती है।

फिल्म सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले बनाई गई है और 27 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
 

5379487