Hari bhoomi hindi news chhattisgarh
toggle-bar

Bollywood Holi : रणवीर सिंह से लेकर सारा अली खान समेत बॉलीवुड के ये टॉप 5 स्टार्स ऐसे खेलते हैं होली

होली आए और हम मस्ती में ना डूबें, रंग ना खेलें, यह कैसे हो सकता है। हमारे फिल्म स्टार्स भी होली पर खूब मस्ती-धमाल करते हैं। इस दिन वे किसके साथ रंग खेलना पसंद करते हैं। बचपन में ये होली कैसे खेलते थे, अब यह त्योहार कैसे मनाते हैं? इस बार होली कैसे मनाएंगे? हरिभूमि को बता रहे हैं ये स्टार्स...

Bollywood Holi : रणवीर सिंह से लेकर सारा अली खान समेत बॉलीवुड के ये टॉप 5 स्टार्स ऐसे खेलते हैं होली
X

होली आए और हम मस्ती में ना डूबें, रंग ना खेलें, यह कैसे हो सकता है। हमारे फिल्म स्टार्स भी होली पर खूब मस्ती-धमाल करते हैं। इस दिन वे किसके साथ रंग खेलना पसंद करते हैं। बचपन में ये होली कैसे खेलते थे, अब यह त्योहार कैसे मनाते हैं? इस बार होली कैसे मनाएंगे? हरिभूमि को बता रहे हैं ये स्टार्स...

सबको होली खेलने के लिए मजबूर कर देता हूं

रणवीर सिंह

ऑफकोर्स मैं होली खूब मजे से खेलता हूं। अरे! सिर्फ खेलता ही नहीं, बल्कि सबको होली खेलने के लिए मजबूर भी करता हूं। सच कहूं तो मैं होली के रंगों को देखकर पागल ही हो जाता हूं। बचपन से लेकर आज तक मैंने इतनी ज्यादा होली खेली है, शायद ही किसी ने इतनी होली खेली होगी। पिछले साल तो एक अमेरिकन रैपर मुंबई आया था, उसको भी मैंने रंग लगाकर होली खेलना सिखा दिया। उसका नाम फैरेल विलियम्स है। होली मेरा ऐसा फेवरेट फेस्टिवल है, जो मैं कभी मिस नहीं करता। इस बार भी मेरा होली खेलने का पूरा इरादा है। अबकी तो मेरे साथ दीपिका भी है, उसको भी होली खेलना अच्छा लगता है। हम दोनों इस बार पूरे जोश के साथ होली खेलेंगे। अपने फैंस को मेरी तरफ से होली की ढेर सारी शुभकामनाएं।

दोस्तों के साथ रंग खेलने में मजा आता है

कृति सेनन

होली का त्योहार मुझे बचपन से ही बहुत पसंद है। चाहे जो हो जाए, मैं होली जरूर खेलती हूं। बचपन में मैं होली से पहले ढेर सारे गुब्बारे खरीद लाती थी। होली के एक हफ्ते पहले से हम लोगों पर गुब्बारे फेंकना शुरू कर देते थे। ये गुब्बारे होली के एक हफ्ते बाद तक भी खत्म नहीं होते थे। हमारी बिल्डिंग में होली पर नाच-गाना भी होता था। जिसमें मैं बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती थी। खूब डांस करती थी। उन दिनों खूब जोरदार होली खेलती थी, लोगों पर टमाटर मारकर, ऑयल पेंट लगाकर। अब तो मैं काफी सुधर गई हूं, सिर्फ गुलाल से होली खेलती हूं। मेरा मानना है कि होली एक ऐसा मेडिटेशन है, जो सारे टेंशन को कुछ समय के लिए दूर कर देता है। होली के दिन सबका ध्यान सिर्फ और सिर्फ मस्ती में होता है। मुझे होली पर सबसे ज्यादा मजा अपने दोस्तों के साथ रंग खेलने में आता है। इस साल की होली तो मेरे लिए और भी ज्यादा खुशियां लाई है, क्योंकि मेरी हाल ही में रिलीज फिल्म ‘लुका छिपी’ हिट हुई है। मुझे इस फिल्म से बहुत तारीफ मिली है। होली पर आप सभी सबको मेरी ढेर सारी शुभकामनाएं।

सबसे पहले मां को रंग लगाता हूं

कार्तिक आर्यन

मुझे सबसे ज्यादा होली का त्योहार अपने दोस्तों के साथ मनाने में मजा आता है। मैं पुराने दोस्तों के साथ जरूर होली खेलने जाता हूं, अपने दोस्तों के रंग-बिरंगे चेहरे देखकर बहुत मजा आता है। क्योंकि जितना पुरानी दोस्ती होती है, उतना ही वो पक्का दोस्त होता है। जहां तक होली का पहला रंग किसी खास को लगाने की बात है, तो मैं अपनी मां से सबसे ज्यादा प्यार करता हूं। उन्हीं को ही सबसे पहले रंग लगाता हूं। वह खुद भी जोर-शोर से होली खेलती हैं। होली पर हमारे घर में खासतौर पर ठंडाई बनती है, जो मैं जरूर पीता हूं। लेकिन मैं भांग से परहेज करता हूं, क्योंकि मुझे भांग का नशा सूट नहीं करता। इस बार भी मैं पूरे जोश के साथ होली का त्योहार मनाऊंगा। अपने सभी फैंस को होली की ढेर सारी मुबारकबाद देना चाहूंगा।

मुंबइया स्टाइल में खेलता हूं होली

वरुण धवन

मैं तो पूरे मुंबइया स्टाइल में होली खेलता हूं। खुद ही होली नहीं खेलता, अपने साथ अपने फैंस को भी होली की मस्ती में डुबाता हूं। एक बार मैंने और आलिया भट्ट ने एक फिल्म की प्रमोशन के दौरान हजारों फैंस के साथ होली खेली थी। खूब सारे होली के गाने गाए थे, डांस किया था, फैंस के साथ-साथ हमने बहुत एंज्वॉय किया था। पर्सनली मैं होली के त्योहार को पूरे रीति-रिवाज के साथ मनाता हूं। छोटी होली पर होलिका दहन के वक्त अच्छे से पूजा-पाठ करता हूं। नेगेटिविटी से अपने आपको दूर करने की प्रार्थना करता हूं। होली के दिन पूरी मस्ती में होली खेलता हूं। बस होली पर भांग नहीं पीता, क्योंकि भांग का नशा मेरे ऊपर जोर से चढ़ता है, इससे अगले दो-तीन दिन खराब हो जाते हैं।

ठुमके लगाकर नाचती हूं

सारा अली खान

मैं तो पूरे धमाल के साथ होली का त्योहार मनाती हूं। मुझे सबसे ज्यादा अपनी मॉम को रंग लगाने में मजा आता है। क्योंकि वो रंगों से भागती हैं, इसलिए मैं उनको होली पर खूब तंग करती हूं। मुझे अमित अंकल का गाया हुआ गाना ‘रंग बरसे, भीगे चुनर वाली, रंग बरसे...’ बहुत अच्छा लगता हैं। मैं हर होली पर इस गाने पर ठुमके लगा-लगा कर नाचती हूं। फिल्मों में आने से पहले तो मैं गीले रंगों के साथ होली खेलती थी लेकिन अब चूंकि दूसरे दिन शूटिंग पर जाना होता है, इसलिए मैं होली सिर्फ सूखे रंगों और गुलाल से ही खेलती हूं। मैंने अभी तक होली पर कभी भांग नहीं पी है। मैंने सुना है उसका नशा बहुत पावरफुल होता है। इसलिए मुझे बहुत ज्यादा नहीं लेकिन एक बार जरूर भांग टेस्ट करना है। मुझे होली का त्योहार बहुत अच्छा लगता है, क्योंकि यही एक दिन है, जब सब बड़े भी बच्चे बन जाते हैं, धमाल-मस्ती करते हैं। मैं भी इस दिन को बहुत एंज्वॉय करती हूं। इस साल की होली मेरे लिए और भी खास है, क्योंकि मेरी दो फिल्में रिलीज हुईं, दोनों हिट रहीं। दर्शकों का भी मुझे बहुत प्यार मिला है। आप सभी को होली मुबारक़…।

और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App

और पढ़ें
Next Story