Ola Electric: भारतीय इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर निर्माता ओला इलेक्ट्रिक ने टी-20 विश्वकप में इंडियन क्रिकेट टीम के जीत का जश्न मनाने के लिए अपना खास Champions Edition लॉन्च किया है। यह स्पेशल एडिशन कंपनी के लोकप्रिय इलेक्ट्रिक स्कूटर S1 Pro+ और इलेक्ट्रिक बाइक Roadster X+ में उपलब्ध होगा। कंपनी के मुताबिक यह लिमिटेड एडिशन अप्रैल 2026 के अंत तक कंपनी के स्टोर्स और आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगा।
खास एडिशन में क्या है नया
Champions Edition में दोनों मॉडल्स को खास ब्लू कलर में पेश किया गया है, जो भारतीय क्रिकेट टीम के जर्सी रंग और वर्ल्ड कप जीत की याद दिलाता है। खास बात यह है कि इस स्पेशल रंग के लिए ग्राहकों को कोई अतिरिक्त कीमत नहीं देनी होगी। कंपनी का कहना है कि यह एडिशन देश के उन करोड़ों क्रिकेट फैंस को समर्पित है, जो इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाना चाहते हैं।
Ola S1 Pro+ की परफॉर्मेंस
कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार S1 Pro+ में नई 4680 भारत सेल तकनीक वाली 5.2kWh बैटरी दी गई है। यह स्कूटर IDC सर्टिफाइड 320 किलोमीटर तक की रेंज देने में सक्षम है। इसकी टॉप स्पीड 130 किमी प्रति घंटा है और यह केवल 2.1 सेकंड में 0 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकता है।
Roadster X+ की पावर और रेंज
इलेक्ट्रिक बाइक Roadster X+ में 11kW की मोटर दी गई है जिसे 4680 भारत सेल वाली 9.1kWh बैटरी के साथ जोड़ा गया है। यह बाइक एक बार चार्ज करने पर करीब 500 किलोमीटर तक की रेंज दे सकती है। इसकी अधिकतम स्पीड 125 किमी प्रति घंटा है और यह महज 2.7 सेकंड में 0 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार हासिल कर लेती है।
कीमत और अन्य मॉडल्स
- कंपनी ने अपने Gen 3 स्कूटर लाइनअप की कीमतें भी जारी की हैं। S1 Pro+ (5.2kWh) की कीमत ₹1,85,338 और S1 Pro+ (4kWh) की कीमत ₹1,65,338 है। वहीं S1 Pro (4kWh) ₹1,39,999 और S1 Pro (3kWh) ₹1,19,999 में उपलब्ध है। मास मार्केट सेगमेंट में Gen 3 S1 X+ (4kWh) की कीमत ₹1,14,999 है, जबकि S1 X के 2kWh, 3kWh और 4kWh वेरिएंट क्रमशः ₹77,999, ₹93,999 और ₹1,09,999 में उपलब्ध हैं। वहीं कंपनी की इलेक्ट्रिक बाइक रेंज में Roadster X+ 4.5kWh और 9.1kWh बैटरी विकल्पों के साथ क्रमशः ₹1,04,999 और ₹1,84,999 की कीमत में आती है।
(मंजू कुमारी)










