कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। रायपुर–बलौदाबाजार मुख्य मार्ग के किनारे संचालित अवैध ईंट भट्ठों के कारण आसपास के क्षेत्रों में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन हालात ऐसे बनते जा रहे हैं कि कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बिनौरी से लेकर संडी से खरतोरा तक सड़क किनारे दर्जनों अवैध ईंट भट्ठे संचालित हो रहे हैं। ये भट्ठे सड़क के बेहद करीब बनाए गए हैं, जिससे उड़ने वाली राख और धूल सीधे सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों की आंखों में चली जाती है। इससे दुर्घटना का खतरा भी बढ़ रहा है।
बलौदा बाजार जिले में रायपुर रोड पर सड़क किनारे चल रहे कई अवैध ईंट भट्ठे आस-पास के इलाकों में आगजनी का कारण बन रहे हैं। @BalodaBazarDist #ChhattisgarhNews #Fire pic.twitter.com/cJIn6Zft3R
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 14, 2026
आस-पास में फैल रही भट्ठों की गर्म राख
वहीं इन भट्ठों से निकलने वाली राख हवा के साथ उड़कर आसपास के गांवों और घरों तक पहुंच रही है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि भट्ठों से उड़ने वाली चिंगारियां आसपास के सूखे खेतों और घास में गिरकर आग का कारण बन रही हैं। कुछ दिन पहले घोटिया–रायपुर रोड पर सूखे खेत में लगी आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया था और लपटें गांव की ओर बढ़ने लगी थीं। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसी तरह आज ग्राम कूकदा के पास खेतों में सूखी घास में आग लगने की घटना सामने आई, जिसे मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने मिलकर बुझाया।
रोज गुजर रहे अफसर, किसी को ध्यान नहीं
ग्रामीणों का कहना है कि, ईंट भट्ठों के आसपास सूखी घास और पेड़-पौधों के कारण आग तेजी से फैलने का खतरा बना रहता है। ऐसे में यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले समय में बड़ी आगजनी की घटना हो सकती है। सबसे हैरानी की बात यह है कि, सड़क किनारे संचालित इन भट्ठों के पास से रोज प्रशासनिक अधिकारी गुजरते हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। राजस्व और खनिज विभाग के अधिकारियों की चुप्पी पर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है।









