Sanya Malhotra new home: बॉलीवुड अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा ने फिल्म मिसेज़ से बड़ी सफलता हासिल की थी। इन दिनों वह अपनी प्रोफेशनल सक्सेस के साथ-साथ निजी जिंदगी की एक बड़ी उपलब्धि को भी सेलिब्रेट कर रही हैं। हाल ही में उन्होंने मुंबई में नया घर खरीदा है और पारंपरिक गृह प्रवेश समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। इन तस्वीरों में सान्या अपने परिवार और करीबी दोस्तों के साथ इस खास मौके को मनाती नजर आ रही हैं।
पारंपरिक अंदाज़ में किया गृह प्रवेश
गृह प्रवेश की तस्वीरों में सान्या मल्होत्रा गुलाबी साड़ी में बेहद खूबसूरत लग रही हैं। उन्होंने पूजा के दौरान सिर पर कलश रखकर घर में प्रवेश किया, जबकि पंडित और परिवार के सदस्य उनके साथ मौजूद थे।
तस्वीरों में उनके नए घर की झलक भी देखने को मिली, जहां से समुद्र का शानदार नज़ारा दिखाई देता है। घर में भरपूर प्राकृतिक रोशनी और खुला स्पेस है, जो इसे और भी खास बनाता है।
बोलीं- 'सपनों, मेहनत और धैर्य का परिणाम'
सान्या ने इन तस्वीरों के साथ एक भावुक कैप्शन भी लिखा। उन्होंने कहा कि यह घर उनके कई सालों के सपनों, मेहनत और धैर्य का परिणाम है।
उन्होंने लिखा कि इस घर की हर दीवार उन्हें याद दिलाएगी कि धैर्य और विश्वास का फल कितना खूबसूरत हो सकता है। सान्या ने यह भी कहा कि उनके परिवार और दोस्तों का भरोसा और साथ हमेशा उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा है, इसलिए यह घर सिर्फ एक मकान नहीं बल्कि उनकी पूरी यात्रा का हिस्सा है।
सान्या की पोस्ट पर कई बॉलीवुड सितारों ने उन्हें बधाई दी। अभिनेता वरुण धवन ने हार्ट इमोजी के साथ अपनी खुशी जाहिर की।
आने वाली फिल्मों में दिखेंगी सान्या
वर्क फ्रंट की बात करें तो सान्या मल्होत्रा आने वाले समय में फिल्म टोस्टर में राजकुमार राव के साथ नजर आएंगी, जो ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। इसके अलावा उनके पास फिल्म बंदर भी है, जिसमें बॉबी देओल मुख्य भूमिका में हैं और इसका निर्देशन अनुराग कश्यप कर रहे हैं।









