Logo
बेगूसराय में सीएम नीतीश कुमार की सुरक्षा में बड़ी चूक। हेलीपैड पर बैल के घुसने से मची अफरा-तफरी, जान बचाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी पर चढ़े पुलिसकर्मी।

बेगूसराय: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की 'समृद्धि यात्रा' जब बेगूसराय पहुंची, तो वहां एक अजीबोगरीब स्थिति देखने को मिली। मुख्यमंत्री के आगमन से ठीक पहले उनके हेलीपैड पर एक बैल घुस गया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक उजागर हुई। बैल ने वहां तैनात पुलिसकर्मियों को खदेड़ना शुरू कर दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

हालात यह थे कि अपनी जान बचाने के लिए एक पुलिसकर्मी को पास खड़ी फायर ब्रिगेड की गाड़ी के ऊपर चढ़ना पड़ा। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जब महिलाओं के जाने पर बिफर गए मुख्यमंत्री
सभा को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और पूर्ववर्ती सरकारों पर जमकर निशाना साधा। इसी दौरान जब कुछ महिलाएं सभा छोड़कर जाने लगीं, तो मुख्यमंत्री नाराज हो गए। उन्होंने मंच से टोकते हुए कहा, "अरे कहां भाग रहे हो, हम बोलना बंद कर दें? बैठिए अभी। हाथ उठाकर बताइए हम बोलें या नहीं। अब तो सब कुछ कर ही रहे हैं, फिर क्यों भाग रही हो? बैठिए और चुपचाप सुनिए।"

'निशांत कुमार जैसा हो बिहार का CM' के लगे नारे
कार्यक्रम में एक और दिलचस्प वाकया तब हुआ जब मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्री (सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा) मंच पर मौजूद थे। उसी दौरान भीड़ में से अचानक 'बिहार का CM कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो' के नारे लगने लगे। मुख्यमंत्री के बेटे के समर्थन में लगे इन नारों ने वहां मौजूद नेताओं और जनता का ध्यान खींचा।

'2005 के बाद राज्य में कानून का राज'
अपने संबोधन में नीतीश कुमार ने कहा कि 2005 में जब से NDA की सरकार बनी है, तब से बिहार में कानून का राज स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा, "हमारी सरकार आने से पहले पुरानी सरकार ने बुरा हाल कर रखा था। शाम को लोग घर से निकलने में डरते थे। शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था चौपट थी और हिंदू-मुस्लिम के बीच झगड़े होते थे। लेकिन अब केंद्र की मदद से बिहार लगातार विकास कर रहा है।"

7