Logo
एमसीडी की यह कार्रवाई तरुण हत्याकांड के बाद सामने आई है। तरुण की 4 मार्च को होली के दिन पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी।

दिल्ली नगर निगम ने उत्तम नगर में आज अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। अभियान के तहत जहां अवैण निर्माण को ढहा दिया गया, वहीं कई भोजनालयों को सील कर दिया गया। एमसीडी की यह कार्रवाई तरुण हत्याकांड के बाद सामने आई है। तरुण की होली के दिन यानी 4 मार्च को पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। आरोपियों के परिजनों ने एमसीडी की विध्वंस कार्यवाही पर रोक लगाने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था। एससीडी ने भरोसा दिया कि घरों पर बुलडोजर एक्शन नहीं होगा। लेकिन, एमसीडी ने आज अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया, जिसकी जद में कई दुकानें आईं। 

यह बदले की कार्यवाही नहीं

मौके पर मौजूद एमसीडी अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई केवल अनाधिकृत हिस्से को ढहाना है। साथ ही, अवैध रूप से संचालित दुकानों को भी सील करना है। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के तहत कई इमारतें के अनाधिकृत हिस्से को ध्वस्त किया गया, वहीं कुछ भोजनालयों को भी सील किया गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि अवैध निर्माण को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने आगे भी इसी तरह की कार्यवाही होने का संकेत दिया है। 

एमसीडी के दस्ते को देख मची खलबली 

एमसीडी के तोड़फोड़ दस्ते के साथ ही भारी पुलिस बल जब मौके पर पहुंचा तो लोगों में अफरातफरी का माहौल बन गया। जब अवैध निर्माण मालिकों को पता चला कि उनके अनाधिकृत निर्माण पर बुलडोजर चलने वाला है तो उन्होंने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन भारी पुलिस बल की तैनाती के चलते किसी की नहीं चली। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एमसीडी के अभियान को सुचारू रूप से चलाने और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। यह कार्रवाई बिना किसी बवाल के पूरी कर ली गई है।

7