MP में कड़ाके की सर्दी शुरू: बर्फीली हवाओं से गिर जाएगा पारा, भोपाल-इंदौर में बढ़ेगी ठिठुरन
Weather
मध्य प्रदेश में अब कड़ाके की सर्दी का असली दौर शुरू होने वाला है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी और उसके बाद बर्फ के पिघलने से उठने वाली तेज़ बर्फीली हवाएं प्रदेश की ओर बढ़ रही हैं। अगले 48 घंटों में भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, चंबल और उज्जैन समेत कई शहरों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिरने की संभावना है। इससे ठिठुरन और ज्यादा महसूस होगी।
मौसम विभाग के मुताबिक एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस के निकलते ही दूसरा सिस्टम 5 दिसंबर से हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा। इसका असर मप्र में दो दिन बाद दिखाई देगा। उच्च इलाकों में जमा बर्फ पिघलकर बेहद ठंडी हवाओं को जन्म देगी, जो सीधे मध्य प्रदेश में दस्तक देंगी। इसी वजह से आने वाले दिनों में तापमान और तेजी से नीचे जा सकता है।
बीते 24 घंटों में भी कई शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। पचमढ़ी 6.7 डिग्री के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। वहीं शहडोल के कल्याणपुर में 7.1, उमरिया में 8.2, अमरकंटक और शाजापुर में 8.7 और रीवा-नौगांव में 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिन के तापमान में भी गिरावट जारी है और कई शहरों में पारा 25 डिग्री से नीचे पहुंच गया है।
इस बार नवंबर ने भी सर्दी के रिकॉर्ड तोड़ दिए। भोपाल में लगातार 15 दिन तक शीतलहर चली, जो 1931 के बाद अब तक का सबसे लंबा दौर रहा। 17 नवंबर की रात भोपाल का तापमान 5.2 डिग्री तक पहुँच गया, जो पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ गया। इंदौर में भी न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री दर्ज हुआ, जिसे पिछले 25 साल की सबसे ठंडी रात माना गया।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन का कहना है कि इस बार उत्तरी राज्यों में नवंबर की शुरुआत में ही भारी बर्फबारी होने लगी। इसी वजह से उत्तर से आने वाली हवाएं बेहद ठंडी रहीं। हालांकि महीने के आखिरी सप्ताह में हवा की दिशा बदली, जिससे थोड़ी राहत मिली, लेकिन अब ठंड फिर पूरे जोर से लौट रही है।