Farmer Hunger Strike: जगजीत सिंह डल्लेवाल के आमरण अनशन के 100 दिन पूरे, 5 मार्च को किसान करेंगे भूख हड़ताल

Farmer Hunger Strike: जगजीत सिंह डल्लेवाल के अनशन को 100 दिन पूरे होने पर किसान भूख हड़ताल करेंगे। इसे लेकर भारतीय किसान एकता के प्रदेशाध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख ने जानकारी दी है।

Updated On 2025-03-03 16:29:00 IST
किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल।

Farmer Hunger Strike: खनौरी बॉर्डर पर किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल को आमरण अनशन करते हुए 100 दिन पूरे हो गए हैं। इसे लेकर भारतीय किसान एकता (BKE) के तहत सिरसा में 5 मार्च को 100 किसान 24 घंटे भूख हड़ताल करेंगे। बताया जा रहा है कि लघु सचिवालय के बाहर किसान भूख हड़ताल की जाएगी। किसान 5 मार्च को सुबह 11 बजे से लेकर अगले दिन 6 मार्च की सुबह 11 बजे तक भूख हड़ताल करेंगे।

डल्लेवाल के समर्थन में किसान करेंगे भूख हड़ताल- बीकेई के प्रदेशाध्यक्ष औलख

मीडिया से बात करते हुए बीकेई के प्रदेशाध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख ने बताया कि 5 मार्च को जगजीत सिंह डल्लेवाल के अनशन को 100 दिन पूरे हो जाएंगे। इसे लेकर संयुक्त किसान मोर्चा गैर-राजनीतिक भारत की जूम मीटिंग हुई थी। जिसमें प्रस्ताव पास किया गया है कि 5 मार्च को देश के हर राज्य में जिला मुख्यालयों पर किसान 24 घंटे भूख हड़ताल करेंगे। भारतीय किसान एकता ने फैसला किया है कि डल्लेवाल के समर्थन में बुधवार 5 मार्च को लघु सचिवालय में सिरसा जिले के 100 किसान 24 घंटे के लिए हड़ताल पर बैठेंगे। औलख ने यह भी बताया कि 8 मार्च को शंभू, खनौरी व रतनपुरा बॉर्डर पर MSP खरीद गारंटी कानून को समर्पित महिला दिवस मनाया जाएगा। 8 मार्च को पंजाब, हरियाणा व राजस्थान से बड़ी संख्या में किसान व मजदूर महिलाएं शंभू, खनौरी व रतनपुरा मोर्चों पर आएंगी। महिलाओं के द्वारा ही मंच का संचालन किया जाएगा।

Also Read: ग्रीन श्मशान घाट, सिरसा में मुर्दों को जलाने के लिए लकड़ी का नहीं कर रहे इस्तेमाल, यह तकनीक अपना बचा रहे पर्यावरण

19 मार्च को चंडीगढ़ में केंद्र सरकार के साथ बैठक

लखविंदर सिंह ने कहा कि 'देश के किसानों को उनका हक दिलाने के लिए डल्लेवाल काफी लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं। देश के हर किसान व मजदूर की लड़ाई वह लड़ रहे हैं, हमारी भी जिम्मेदारी बनती है कि किसान आंदोलन-2 मजबूत करने के लिए डल्लेवाल की ताकत बनें और 19 मार्च को चंडीगढ़ में केंद्र सरकार के साथ 7वें दौर की चर्चा में सरकार हमारी मानी हुई मांगें लागू करने को मजबूर हों।' नत्था सिंह व सुभाष झोरड़ ने कहा कि बीकेई टीम 13 फरवरी 2024 से आंदोलन कर रही है।  खनौरी बॉर्डर पर दूध, राशन व लकड़ी की सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। रतनपुरा मोर्चे पर भी हर प्रोग्राम में बीकेई टीम शामिल होती है।

Also Read: अन्नदाता के लिए खुशखबरी, ओले पड़े तो सरकारी खजाने पर पड़ेंगे... यह दावा कर सीएम सैनी ने किसानों के लिए कर दिया बड़ा ऐलान

Similar News