सनसनी: जींद में तालाब की खुदाई में मिले नर कंकाल, 8-10 फुट लंबे और बड़े जबड़े देखकर लोग हैरान
मजदूरों को पहले मिट्टी में हड्डियां दिखीं, जिसके बाद करीब 10 कंकाल बरामद हुए, कंकालों के साथ कुछ पुराने मटके भी मिले हैं। इस अनोखी खोज के बाद तुरंत खुदाई का काम रोक दिया गया। पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच गई है और आगे की जांच कर रही है।
जींद के जुलाना में तालाब की खुदाई के दौरान मिले नर कंकाल।
हरियाणा के जींद जिले में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जुलाना क्षेत्र के एक गांव में तालाब की खुदाई के दौरान एक के बाद एक कई नर कंकाल मिलने लगे। इन कंकालों की लंबाई और उनके साथ मिले कुछ पुराने मटके देख लोग हैरान रह गए। खुदाई कर रहे मजदूरों का कहना है कि कुछ कंकालों की लंबाई तो 8 से 10 फुट तक है और उनके जबड़े भी सामान्य इंसानों से काफी बड़े हैं। इस अनोखी खोज के बाद तुरंत खुदाई का काम रोक दिया गया और पुलिस व प्रशासनिक टीम को सूचना दी गई, जो अब मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर रही है।
मनरेगा के काम के दौरान हुई अनोखी खोज
जानकारी के मुताबिक यह घटना जींद के जुलाना क्षेत्र के गांव देवरड़ की है, जहां मनरेगा योजना के तहत तालाब की खुदाई का काम चल रहा था। रविवार को भी मजदूर रोजाना की तरह अपने काम में लगे हुए थे और खुदाई से निकल रही मिट्टी को बाहर फेंक रहे थे।
इसी दौरान, एक मजदूर को मिट्टी में एक बड़ी हड्डी दिखाई दी। जब उसने उसे ध्यान से देखा, तो पता चला कि वह किसी इंसान की हड्डी थी। उसने तुरंत इसकी सूचना ठेकेदार को दी। इसके बाद, उसी स्थान पर और खुदाई की गई, तो लगातार हड्डियां मिलती चली गईं। देखते ही देखते वहां करीब 10 मानव कंकाल के अवशेष जमा हो गए। इन कंकालों के साथ कुछ पुराने मटके भी बरामद हुए हैं, जो इस स्थल के प्राचीन इतिहास की ओर इशारा करते हैं।
विशालकाय कंकाल देख मजदूर हुए भयभीत
कंकालों के विशाल आकार ने मजदूरों को हैरत में डाल दिया। खुदाई कर रहे लोगों ने बताया कि एक कंकाल की लंबाई तो करीब 8 फुट है, और कुछ की लंबाई तो 10 फुट तक भी बताई जा रही है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इन कंकालों के साथ मिले जबड़े भी सामान्य मनुष्य के जबड़े से काफी बड़े हैं। इन विशालकाय कंकालों को देखकर मजदूरों ने तुरंत काम बंद कर दिया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस और प्रशासन जांच में जुटे
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। अब प्रशासनिक टीम भी घटनास्थल पर है और आगे की कार्रवाई कर रही है। इन कंकालों के प्राचीन इतिहास, उनकी प्रजाति और इस जगह से जुड़े किसी भी रहस्य को जानने के लिए विशेषज्ञ भी बुलाए जा सकते हैं। यह खोज इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इन विशालकाय कंकालों के पीछे के रहस्य को जानने के लिए उत्सुक हैं। यह घटना पुरातत्वविदों के लिए भी एक महत्वपूर्ण अध्ययन का विषय हो सकती है।