सोशल मीडिया स्टार बना हत्यारा: हरियाणा के मॉडल सुख रतिया वाला ने सुपारी लेकर मुंबई में की महिला की हत्या, मॉडल बनने को चाहिए थे पैसे

हरियाणा के फतेहाबाद का सोशल मीडिया स्टार मुंबई में मॉडल बनने गया। यहां पैसे की कमी हुई तो पांच लाख रुपये की सुपारी लेकर एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी।

Updated On 2025-05-25 16:00:00 IST
फतेहाबाद का सोशल मीडिया स्टार सुखप्रीत सिंह। फाइल फोटो

सोशल मीडिया स्टार बना हत्यारा : सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स बनाने वाले हरियाणा के कंटेंट क्रिएटर सुखप्रीत सिंह उर्फ सुख रतिया वाला को मुंबई पुलिस और नोएडा STF की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोप है कि उसने 5 लाख रुपये की सुपारी लेकर मुंबई में एक महिला की बेरहमी से हत्या की। इस सनसनीखेज हत्याकांड में उसके साथ उसका मामा का लड़का गुरप्रीत सिंह भी शामिल था। सुखप्रीत के इंस्टाग्राम पर पांच लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वह फैशन से जुड़ी वीडियो बनाता है।

पंजाब की युवती से विवाद होने पर भागा था मुंबई

हरियाणा के फतेहाबाद जिले के रतिया कस्बे में रहने वाला सुखप्रीत शुरू में इंस्टाग्राम और फेसबुक पर गाली-गलौज से भरे वीडियो बनाता था। इन वीडियो की वजह से उसे तेजी से लोकप्रियता मिली और उसने मॉडलिंग की राह पकड़ी। लेकिन पंजाब की एक युवती से ऑनलाइन हुए विवाद के बाद वह हरियाणा छोड़कर 2022 में मुंबई चला गया। यहां रहकर वह मॉडलिंग की कोशिश करता रहा, लेकिन लगातार असफलता और पैसों की तंगी ने उसे अपराध की ओर धकेल दिया। उसकी जानकार ब्यूटी पार्लर चलाने वाली यूपी निवासी महिला ने उसे पांच लाख रुपये में हत्या की सुपारी दिलवाई।

पत्नी को मरवाने के लिए दी थी हत्या की सुपारी

18 मई, 2025 की रात को नवी मुंबई के सेक्टर-5 में रहने वाली 27 वर्षीय महिला अलवीना आदम अली खान की सड़क पर चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के समय वह घर लौट रही थी। CCTV फुटेज में दो नकाबपोश युवक वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दिए। जांच में खुलासा हुआ कि यह हत्या अलवीना के पति किशोर सिंह ने करवाई थी। पुलिस पूछताछ में किशोर ने बताया कि उसका अपनी पत्नी से संबंध बिगड़ चुके थे और वह उसे रास्ते से हटाना चाहता था। इसके लिए उसने गाजियाबाद की एक महिला अलीशा त्यागी और पंजाब की चरणजीत कौर उर्फ डिंपल की मदद से सुखप्रीत से संपर्क करवाया।

हत्या की साजिश में पांच गिरफ्तार

इस हत्याकांड में चार लोगों की गिरफ्तारी हुई है। इनमें मृतका का पति किशोर सिंह, अलीशा त्यागी, चरणजीत कौर, सुपारी किलर सुखप्रीत सिंह और गुरप्रीत सिंह शामिल है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सुखप्रीत और उसके साथी गुरप्रीत की तलाश शुरू की। मुंबई पुलिस को सूचना मिली कि हत्या के बाद सुखप्रीत और गुरप्रीत नोएडा में छिपे हुए हैं। इसके बाद नोएडा STF के साथ संयुक्त ऑपरेशन में सूरजपुर थाना क्षेत्र से दोनों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

ऑनलाइन खरीदा चाकू और पूरी प्रोफेशनल प्लानिंग

पूछताछ में सुखप्रीत ने कबूल किया कि हत्या से पहले उसने ऑनलाइन चाकू खरीदा था और पीड़िता की पूरी रेकी की थी। इसके बाद महिला का पीछा किया और मौका देखकर सड़क पर उसका गला रेत दिया। हत्या भावनाओं में आकर नहीं, बल्कि ठंडे दिमाग से की गई थी और उसका मकसद केवल पैसा कमाना था। 

Tags:    

Similar News