Fatehabad Police: फतेहाबाद में पराली जलने पर 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड, SP ने 23 अधिकारियों को भेजा नोटिस
Fatehabad Police: फतेहाबाद में पराली मामले में पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है, वहीं किसानों के खिलाफ भी FIR दर्ज की गई है।
फतेहाबाद में पराली जलने पर ऑफिसर सस्पेंड। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Fatehabad Police: फतेहाबाद में बढ़ रहे पराली जलाने मामले में एसपी सिद्धांत जैन ने 4 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। वहीं 23 पुलिस कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की तरफ से भी DC-SP को नोटिस जारी करके पराली के मामलों पर तुंरत कार्रवाई करने का आदेश दिया है। एसपी द्वारा सस्पेंड किए गए पुलिसकर्मियों पराली मामले में निगरानी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन उचित कार्रवाई ना करने के कारण SP ने पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के फतेहाबाद को पराली जलने के मामले में दूसरे नंबर पर माना गया है। यहां अब तक 73 ऐसी लोकेशन मिली हैं, जहां पर पराली जलाने के मामले सामने आए हैं, इसके चलते फतेहाबाद में करीब 34 किसानों पर FIR दर्ज की जा चुकी है।
बताया जा रहा है कि पहले वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने पहले भी फतेहाबाद के डीसी डॉक्टर विवेक भारती और एसपी सिद्धांत जैन को नोटिस जारी किया था। नोटिस में कहा गया था कि पराली जलाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, ऐसा क्यों हुआ है ? फतेहाबाद के अलावा जींद और हिसार के अधिकारियों को भी नोटिस दिया जा चुका है।
34 किसानों पर FIR
फतेहाबाद के रेड जोन में हर 50 किसानों पर निगरानी के लिए टीम बनाई गई थी। टीम का काम निगरानी के साथ-साथ किसानों को जागरूक करना था। इसके अलावा थाना प्रभारियों को भी निर्देश जारी किए थे। कृषि उपनिदेशक डॉक्टर राजेश सिहाग ने कहा कि अब तक 34 किसानों पर FIR हो चुकी है।
वहीं किसानों पर 1 लाख 80 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। 3 सब डिवीजन लेवल के नोडल ऑफिसर, 4 ब्लॉक लेवल के नोडल ऑफिसर, 11 विलेज लेवल के नोडल ऑफिसरों समेत 18 कर्मचारियों-अधिकारियों को नोटिस जारी करके 72 घंटे में जवाब मांगा गया है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।