यात्रीगण कृपा ध्यान दें: लुधियाना-जाखल-हिसार रूट की सात ट्रेनें रद, 3 माह रहेगी परेशानी

रेलवे ने लधियाना रेलवे स्टेशन पर रेल लाइनों के निर्माण कार्य के चलते हिसार-जाखल-लुधियाना रूट की सात ट्रेनों को एक दिसंबर 2025 से 23 फरवरी 2026 तीन ट्रेनों को रद कर दिया है।

Updated On 2025-11-15 22:21:00 IST

जाखल रेलवे स्टेशन।

रेलवे ने हिसार-जाखल-लुधियाना रूट की सात ट्रेनें रद कर दी हैं। लधियाना रेलवे स्टेशन पर रेल लाइनों के निर्माण कार्य के चलते ट्रेन एक दिसंबर 2025 से 23 फरवरी 2026 तक रद रहेंगी। जिससे ट्रेनों से इस मार्ग से आवागमन करने वाले रेल यात्रियों को तीन माह तक परेशानी हो सकती है। रेलवे के इस फैसलें से जाखल स्टेशन से होकर गुजरने वाली सात पैसेंजर ट्रेनों में अब यात्री सफर नहीं कर सकेंगे। रेलवे ने संबंधित स्टेशन मास्टरों को पत्र लिखकर इसकी जानकाी दे दी है।

उत्तर भारत का प्रमुख जंक्शन है जाखल

हरियाणा में फतेहाबाद का जाखल रेलवे स्टेशन उत्तर भारत का एक प्रमुख जंक्शन है। जहां से सैकड़ों यात्री रोजाना ट्रेनें बदलते हैं। हिसार-लुधियाना रूट पर चलने वाली इन ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ेगा। सर्दियों के मौसम में काफी संख्या में व्यापारी गर्म कपड़े खरीदने के लिए लुधियाना का रूख करते हैं। ऐसे में ट्रेनों के रद्द होने से इन व्यापारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे द्वारा जारी पत्र के अनुसार जिन ट्रेनों को रद्द किया गया है।

रेलवे द्वारा रद की गई ट्रेनों में हिसार से लुधियाना के बीच चलने वाली गाड़ी संख्या 54603, लुधियाना से चुरू के बीच चलने वाली गाड़ी संख्या 54604, जाखल से लुधियाना जाने वाली गाड़ी संख्या 54053, लुधियाना से जाखल आने वाली गाड़ी संख्या 54054, राजस्थान के चुरू से लुधियाना जाने वाली गाड़ी संख्या 54605, लुधियाना से हिसार आने वाली गाड़ी संख्या 54606 और हिसार से लुधियाना जाने वाली गाड़ी संख्या 54635 शामिल हैं।

रेलवे का मिला है पत्र

जाखल स्टेशन अधीक्षक चांद राम दहिदया ने बताया कि रेल मंत्रालय से इस संबंध में आधिकारिक पत्र प्राप्त हुआ है। लुधियाना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर निर्माण कार्य के चलते 7 गाडिय़ों को 85 दिनों के लिए रद्द किया गया है। यात्रियों से अपील है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य लें।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

Tags:    

Similar News