बोर्ड परीक्षा परिणाम: फतेहाबाद का चंचल हरियाणा 12वीं बोर्ड में चमका, टॉप 5 में बनाई जगह
टोहाना के डांगरा स्थित मॉडल केएम स्कूल के छात्र चंचल ने 98.4% अंक प्राप्त कर टॉप-5 में जगह बनाई, जिले का नाम रोशन किया।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ऑफिस।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से मंगलवार को घोषित 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में फतेहाबाद जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। जिले ने प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है, जो पिछले वर्ष के 86.27% के मुकाबले इस वर्ष 90.62% उत्तीर्ण प्रतिशत के साथ 4% की उल्लेखनीय वृद्धि दर्शाता है।
टोहाना के चंचल ने किया कमाल
टोहाना के डांगरा स्थित मॉडल केएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र चंचल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 98.4% अंक प्राप्त किए हैं। 500 में से 492 अंक हासिल कर उन्होंने प्रदेश की टॉप-5 सूची में अपना स्थान सुनिश्चित किया है, जिससे जिले का नाम रोशन हुआ है। चंचल के पिता भीम सिंह एक निजी अस्पताल में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता सुदेश गिल गृहिणी हैं। वर्तमान में चंचल हिसार में आईआईटी की प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं।
स्कूल और शिक्षा विभाग में खुशी की लहर
मॉडल केएम स्कूल के प्रिंसिपल रणधीर पूनिया ने चंचल की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि वह शुरू से ही एक मेधावी छात्र रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि चंचल ने दसवीं कक्षा की परीक्षा में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 493 अंक प्राप्त किए थे और प्रदेश में छठा स्थान हासिल किया था। इस वर्ष हरियाणा बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षा में फतेहाबाद जिले से 7832 विद्यार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 7097 विद्यार्थी सफल रहे हैं। 588 विद्यार्थियों को कंपार्टमेंट आया है, जबकि 147 विद्यार्थी उत्तीर्ण नहीं हो सके। उल्लेखनीय है कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने भी इस बार अच्छा प्रदर्शन किया है।
इस बार जिले के परिणाम में सुधार
फतेहाबाद की जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) संगीता बिश्नोई ने जिले के बेहतर परिणाम पर खुशी जताते हुए कहा कि पिछले सत्र की तुलना में इस बार जिले के परिणाम में सुधार हुआ है और जिले ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय शिक्षकों और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत को दिया। उन्होंने विशेष रूप से छात्र चंचल को प्रदेश की टॉप-5 सूची में स्थान बनाने के लिए बधाई दी, जिससे जिले का गौरव बढ़ा है।