दिल्ली पुलिस की सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग: 600 महिला चिकित्सा कर्मियों को बनाया जाएगा सशक्त, आत्मरक्षा के सिखाए जाएंगे गुर

दिल्ली पुलिस महिला चिकित्सा कर्मियों को सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग देगी। ऐसे में 600 महिला मेडिकल स्टाफ को अगले सात दिनों तक, आत्मरक्षा के लिए जरूरी विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

Updated On 2024-08-29 15:44:00 IST
आत्मरक्षा के गुर सिखते हुए महिला मेडिकल स्टाफ

Delhi Police Self Defense Training : कोलकाता स्थित आर. जी. कर मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद महिला सुरक्षा को लेकर अनेकों संस्थान सजग हो गए हैं और महिलाओं को भी आत्मरक्षा के गुर सिखा रहे हैं। इसे देखते हुए शालीमार बाग स्थित फोर्टिस अस्पताल ने दिल्ली पुलिस के परिवर्तन प्रकोष्ठ (सेल) के सहयोग से सात दिन का सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू किया है। इस प्रोग्राम के माध्यम से महिला चिकित्सा कर्मियों को आत्मरक्षा के लिए जरूरी कौशल प्रदान किए जाएंगे।

महिला चिकित्सा कर्मियों को आत्मरक्षा के सिखाए जाएंगे गुर

उत्तर पश्चिमी दिल्ली के डीसीपी जितेंद्र कुमार मीणा (आईपीएस) ने कहा कि यह प्रोग्राम अस्पतालों में कार्यरत महिला चिकित्सा कर्मियों को अधिक जागरूक बनाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। हम सेल्फ डिफेंस प्रोग्राम के जरिए उन्हें आत्मरक्षा के लिए जरूरी क्षमताओं से लैस करेंगे। यहां फोर्टिस अस्पताल में सुविधा निदेशक दीपक नारंग ने कहा कि कि हम दिल्ली पुलिस के इस महत्वपूर्ण सहयोग के लिए उनके आभारी हैं।

मुक्के मारना, कोहनी से वार करना, रोकना आदि शामिल

प्रोग्राम के जरिए करीब 600 महिला चिकित्सा कर्मियों (मेडिकल स्टाफ) को अगले सात दिनों तक, आत्मरक्षा के लिए जरूरी विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनमें मुक्के मारना, कोहनी से वार करना, रोकना, आंखों पर हमला, बालों और हाथों की पकड़ से खुद को मुक्त करने जैसे हुनर शामिल हैं।

इनके अलावा, ट्रेनिंग के दौरान, प्रतिभागियों को दैनिक रूप से इस्तेमाल में आने वाले इम्प्रोवाइज्ड हथियारों को कारगर तरीके से इस्तेमाल करने की तकनीक भी सिखाई जाएगी, ताकि वे खुद को किसी भी खतरनाक स्थिति में सुरक्षित रख सकें।

Similar News