Today's Breaking News 29 May 2025: विकसित कृषि संकल्प अभियान' का शुभारंभ, तेजप्रताप-ऐश्वर्या तलाक केस में 21 जून को सुनवाई, शोपियां में लश्कर के 2 आतंकी गिरफ्तार
देश-दुनिया की गुरुवार (29 मई ) की ताजा खबरों के लिए हमारे लाइव ब्लॉग पर विजिट करें। यहां आपको संक्षेप में लेटेस्ट ब्रेकिंग न्यूज़ मिलेंगी। पढ़ें लाइव अपडेट्स-
Today's Breaking News 29 May 2025: PM नरेंद्र मोदी गुरुवार (29 मई) को सिक्किम, पश्चिम बंगाल और बिहार दौरे पर रहेंगे। PM मोदी कई प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ करेंगे। जनसभा को संबोधित करेंगे। देश में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। एक्टिव केसों की संख्या 1251 पहुंच गई है। कुल मृतक की संख्या 13 पहुंच गई है। पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच IPL 2025 का क्वालिफायर-1 खेला जाएगा। दोनों टीमें पहली बार IPL प्लेऑफ में भिड़ेंगी। देश के 17 राज्यों में मानसून की एंट्री हो चुकी है। गुरुवार को मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, केरल सहित 25 से ज्यादा राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट है।
Today's Breaking News 29 May 2025: पढ़ें लाइव अपडेट्स-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को 'विकसित कृषि संकल्प अभियान' का शुभारंभ किया। कहा, बाजार अब बदल रहे हैं, ग्राहकों की प्राथमिकताएं भी बदल रही हैं। इसलिए किसानों और सरकारों को आपसी सहयोग से कृषि प्रणालियों में भी बदलाव लाना होगा। किसानों के साथ चर्चा की जाए कि भारत की कृषि अत्याधुनिक कैसे बने। इसलिए इस अभियान के तहत हमारे वैज्ञानिकों की टीम 'लैब टू लैंड' अभियान को आगे बढ़ा रही है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को गोवा में भारतीय नौसेना के नौकायन पोत तारिणी पर सवार होकर विश्व परिक्रमा करने वाले दल का स्वागत किया। लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए और लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना ने यह असाधारण नौकायन 2 अक्टूबर 2024 को गोवा के नौसेना महासागर नौकायन नोड से शुरू की थी। 29 मई को वह पुन: गोवा के वास्को डिगामा पहुंचे।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने लैंड फॉर जॉब केस में दिल्ली उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने सीबीआई द्वारा दर्ज एफआईआर और आरोपपत्र को रद्द करने की मांग की है। कहा, सीबीआई ने बिना जरूरी मंजूरी के जांच जारी रखी है।
तेजप्रताप-ऐश्वर्या तलाक केस में 21 जून को सुनवाई
राजद सुप्रीमो लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव और ऐश्वर्या राय के तलाक केस में गुरुवार (29 मई) को पटना सिविल कोर्ट में सुनवाई हुई। तेजप्रताप और ऐश्वर्या प्रिंसिपल जज फैमिली कोर्ट में पहुंचे। तेजप्रताप के वकील जगन्नाथ सिंह के मुताबिक, 'ऐश्वर्या राय के वकील ने 4 सप्ताह का समय मांगा, लेकिन हमने कहा कि 2 सप्ताह से अधिक का समय नहीं दिया जाए। इस पर जज ने अगली सुनवाई की तिथि 21 जून निर्धारित की है।
शोपियां में लश्कर के दो आतंकी गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर के शोपियां में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े दो हाइब्रिड आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो एके-56 राइफल, चार मैगजीन, 7.62×39 मिमी के 102 राउंड, दो हैंड ग्रेनेड, दो पाउच, 5400 रुपए कैश, एक मोबाइल फोन, एक स्मार्टवॉच, दो बिस्किट पैकेट और एक आधार कार्ड मिला है। आतंकियों की पहचान इरफान बशीर और उजैर सलाम के रूप में हुई है।
खराब मौसम के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिक्किम के राज्य बनने की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर गंगटोक नहीं जाएंगे। पीएम सुबह 10 बजे बागडोगरा से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए सिक्किम के लोगों को संबोधित करेंगे।
40 नक्सलियों ने लूटा 5000KG बारूद
छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर मंगलवार को नक्सलियों ने बारूद से लोड 5000 किलोग्राम बारूद लूट लिया है। बताया जा रहा है कि 25-25 किलो की 200 पेटियों में बारूद भरा था। पत्थर खदान में लूटने के लिए करीब 40 से ज्यादा की संख्या में नक्सली पहुंचे थे। मामला बलगांव थाना क्षेत्र का है। बारूद को झारखंड सीमा से लगे सुंदरगढ़ जिले के बैंग पत्थर खदान ले जाया जा रहा था, तभी नक्सलियों ने अटैक कर दिया।
मणिपुर जल्द नई सरकार बनने की संभावना
मणिपुर में 15 जून तक नई सरकार बनने की संभावना है। राज्य के 10 विधायकों ने बुधवार को राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। इनमें 8 भाजपा, NPP और निर्दलीय के एक-एक विधायक हैं। मणिपुर में 60 विधानसभा सीटें हैं। सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 31 है। राज्य में 13 फरवरी से राष्ट्रपति शासन लागू है।
UP में लॉरेंस विश्नोई के शूटर का एनकाउंटर
उतर प्रदेश के हापुड़ में STF ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शार्प शूटर को एनकाउंटर में मार गिराया है। STF चीफ अमिताभ यश ने बताया कि बुधवार रात नोएडा STF और दिल्ली पुलिस ने शूटर को घेरा तो उसने गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इसमें दो पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हो गए। जवाबी फायरिंग में बदमाश नवीन को गोली लग गई। पुलिस उसे अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दोनों घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है।
आज इन राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट
देश के 17 राज्यों में मानसून की एंट्री हो चुकी है। मौसम विभाग गुरुवार को दिल्ली में 70KMPH की स्पीड से हवा चलने की संभावना जताई है। केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, बिहार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट है।