बड़ी खबर: जल्द भारत दौरे पर आएंगे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, भारत को पैक्ससिलिका शामिल होने का भी ऑफर
नए अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने दिल्ली आगमन पर बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत का दौरा करेंगे।
राजदूत सर्जियो गोर ने स्पष्ट किया कि उनका एकमात्र लक्ष्य भारत-अमेरिका संबंधों को अगले स्तर पर ले जाना है।
नई दिल्ली : नए अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने पदभार ग्रहण करते ही एक बड़ी जानकारी साझा की है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत का दौरा जरूर करेंगे।
गोर के मुताबिक, उन्हें पूरी उम्मीद है कि राष्ट्रपति ट्रंप अगले एक-दो वर्षों के भीतर भारत यात्रा पर आएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच के संबंधों को बेहद 'सच्ची दोस्ती' करार दिया और बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप पीएम मोदी को अपना 'खास दोस्त' मानते हैं।
भारत को बताया सबसे महत्वपूर्ण साझेदार
पिछले साल हुई नियुक्ति के बाद दिल्ली पहुंचे राजदूत सर्जियो गोर ने स्पष्ट किया कि उनका एकमात्र लक्ष्य भारत-अमेरिका संबंधों को अगले स्तर पर ले जाना है। उन्होंने भारत को अमेरिका का अनिवार्य सहयोगी बताते हुए कहा कि इस अद्भुत देश में आकर वे सम्मानित महसूस कर रहे हैं।
गोर ने भारतीय लोगों की लचीली क्षमता और नवाचार की सराहना की और पूरे भारत की यात्रा करने की अपनी व्यक्तिगत इच्छा भी जाहिर की।
ट्रेड डील पर निर्णायक बातचीत कल
लंबे समय से प्रतीक्षित भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर राजदूत ने सकारात्मक अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्ष इस समझौते को अंतिम रूप देने के लिए सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं और कल इस विषय पर एक अत्यंत महत्वपूर्ण बातचीत होने वाली है।
गोर ने विश्वास जताया कि सच्चे दोस्त की तरह दोनों देश अपने पुराने मतभेदों को भुलाकर आगे बढ़ेंगे, क्योंकि अमेरिका के लिए भारत से ज्यादा जरूरी कोई दूसरा साझेदार नहीं है।
'पॉक्स सिलिका' पहल में शामिल होगा भारत
राजदूत ने घोषणा की कि भारत अगले महीने 'पॉक्स सिलिका' पहल में एक पूर्ण सदस्य के रूप में शामिल होगा। यह अमेरिका के नेतृत्व वाली एक वैश्विक रणनीतिक पहल है, जिसका मकसद सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिजों, एआई और उन्नत मैन्युफैक्चरिंग के लिए एक सुरक्षित सप्लाई चेन बनाना है।
पिछले महीने जापान, दक्षिण कोरिया, यूके और इजरायल इसमें शामिल हुए थे और अब भारत की इसमें अहम भूमिका होगी।
सुरक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों पर साझा रुख
सर्जियो गोर ने दोनों देशों के रिश्तों को दुनिया के सबसे पुराने और सबसे बड़े लोकतंत्र की भागीदारी बताया। उन्होंने सुरक्षा, आतंकवाद विरोधी अभियान, ऊर्जा और स्वास्थ्य जैसे प्रमुख क्षेत्रों में निरंतर सहयोग का संकल्प जताया।
उन्होंने इस साझेदारी को इस सदी की सबसे परिणामी वैश्विक भागीदारी बनाने की बात कही और जोर दिया कि नई तकनीक को अपनाने के लिए दोनों देशों का मिलकर काम करना अब अनिवार्य है।