Over Exercise: जल्दी फिट होने की चाहत में तो नहीं कर रहे ओवर एक्सरसाइज़? उठाने पर सकते हैं 5 बड़े नुकसान

Over Exercise Side Effects: फिट रहने और बॉडी बनाने के लिए ओवर एक्सरसाइज़ करना भारी पड़ सकता है। ऐसा करने से शरीर में कई समस्याएं शुरू हो सकती हैं।

Updated On 2025-05-04 15:52:00 IST
ज्यादा एक्सरसाइज़ करने के 5 बड़े नुकसान।

Over Exercise Side Effects: स्वस्थ रहने के लिए नियमित व्यायाम करना बहुत लाभदायक होता है, लेकिन जब यह सीमाओं से अधिक हो जाए तो शरीर को फायदा पहुंचाने के बजाय नुकसान भी कर सकता है। बहुत से लोग फिटनेस या वजन घटाने की जल्दी में अपने शरीर को जरूरत से ज्यादा थका देते हैं, जिसका असर उनके स्वास्थ्य पर बुरा पड़ता है।

ओवर एक्सरसाइज़ यानी अत्यधिक व्यायाम से न केवल शारीरिक थकान होती है, बल्कि यह मांसपेशियों, हॉर्मोन और मानसिक स्थिति को भी प्रभावित करता है। खासतौर पर तब जब पर्याप्त आराम, पोषण और रिकवरी का ध्यान न रखा जाए। आइए जानते हैं ओवर एक्सरसाइज़ से होने वाले पांच बड़े नुकसान के बारे में, जो आपकी सेहत को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकते हैं।

मांसपेशियों में थकावट और चोट का खतरा
जब आप लगातार बिना ब्रेक के ज़्यादा समय तक व्यायाम करते हैं, तो मांसपेशियों को रिकवरी का समय नहीं मिल पाता। इससे सूजन, दर्द और खिंचाव जैसी समस्याएं होने लगती हैं। ओवर ट्रेनिंग से मसल टिशू टूट सकते हैं और इंजरी का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। लंबे समय तक आराम की ज़रूरत भी पड़ सकती है, जिससे आपकी फिटनेस का लक्ष्य और पीछे चला जाता है।

इम्यून सिस्टम कमजोर होना
अत्यधिक एक्सरसाइज़ शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को घटा सकता है। व्यायाम के दौरान शरीर में कोर्टिसोल (तनाव हॉर्मोन) का स्तर बढ़ता है, जो इम्यून सिस्टम को दबा सकता है। इससे सर्दी, फ्लू, या वायरल इन्फेक्शन जल्दी पकड़ सकते हैं। यदि आप लगातार बीमार पड़ रहे हैं, तो यह संकेत हो सकता है कि आपकी एक्सरसाइज़ ज़रूरत से ज्यादा है।

इसे भी पढ़ें: Diabetes Home Remedies: ब्लड शुगर नहीं बढ़ने देंगे 5 घरेलू नुस्खें! डायबिटीज में दिखाएंगे असर, मिलेंगे बड़े फायदे

नींद में कमी या अनिद्रा
ओवर एक्सरसाइज़ से नर्वस सिस्टम पर दबाव बढ़ता है, जिससे शरीर पूरी तरह शांत नहीं हो पाता और नींद में परेशानी होती है। कई बार लोगों को रात में बार-बार उठना या गहरी नींद न आना जैसी समस्याएं होने लगती हैं। नींद की कमी शरीर की रिकवरी प्रक्रिया को प्रभावित करती है, जिससे थकावट और चिड़चिड़ापन बढ़ता है।

हार्मोनल असंतुलन
अत्यधिक एक्सरसाइज़ खासकर महिलाओं में हार्मोनल गड़बड़ी का कारण बन सकती है, जैसे मासिक चक्र का अनियमित होना या रुक जाना। पुरुषों में टेस्टोस्टेरोन के स्तर में गिरावट देखी जा सकती है। हॉर्मोनल असंतुलन से थकान, वजन में बदलाव और मूड स्विंग जैसी समस्याएं उभर सकती हैं, जो संपूर्ण स्वास्थ्य को प्रभावित करती हैं।

इसे भी पढ़ें: Vitamin B12 Rich Foods: नर्वस सिस्टम कमज़ोर कर देगी विटामिन बी12 की कमी, 6 फूड्स दूर करेंगे परेशानी

मानसिक तनाव और डिप्रेशन
शरीर के साथ-साथ दिमाग भी ओवर ट्रेनिंग से थक जाता है। लगातार थकावट, प्रदर्शन का दबाव और रिज़ल्ट न मिलने पर मानसिक तनाव बढ़ सकता है। इससे व्यक्ति चिड़चिड़ा हो सकता है या अवसाद में भी जा सकता है। मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर रखने के लिए एक्सरसाइज़ में संतुलन और विश्राम उतना ही ज़रूरी है जितना शरीर के लिए।

फिट और हेल्दी रहने के लिए एक्सरसाइज़ ज़रूरी है, लेकिन उसमें संतुलन बनाए रखना और शरीर की सीमाओं को समझना भी उतना ही आवश्यक है। ओवर एक्सरसाइज़ करने से पहले अपने शरीर की जरूरतों को पहचानें और पर्याप्त आराम व पोषण पर भी ध्यान दें, ताकि सेहतमंद जीवन का लक्ष्य सच में पूरा हो सके।

(Disc।aimer: इस आर्टिकल में दी गई सामग्री सिर्फ जानकारी के लिए है। हरिभूमि इनकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी सलाह या सुझाव को अमल में लेने से पहले किसी विशेषज्ञ/डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)

Similar News