सैफ पर हमले का मामला: मुंबई पुलिस आरोपी शरीफुल को लेकर एक्टर के घर पहुंची, क्राइम सीन रीक्रिएट किया

मुंबई पुलिस ने मंगलवार (20 जनवरी) को सैफ अली खान पर हमले के आरोपी शरीफुल को लेकर एक्टर के घर पहुंची। वारदात का सीन रीक्रिएट किया। आरोपी ने चोरी के इरादे से घुसने की बात कबूली।जानें इस केस का अपडेट।

Updated On 2025-01-21 10:21:00 IST
Saif Ali Khan attack Case

Saif Ali Khan attack Case: मुंबई पुलिस ने सैफ अली खान पर हमले के मामले की तफ्तीश तेज कर दी है। मंगलवार(21 जनवरी) को मुंबई पुलिस आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद को लेकर सैफ के घर पहुंची। यहां 16 जनवरी की रात हुई घटना का सीन रीक्रिएट किया गया। पुलिस ने हर पहलू का बारीकी से जांच की। यह प्रक्रिया करीब एक घंटे तक चली। घटना स्थल पर ले जाकर पुलिस ने यह समझने की कोशिश की कि घटना कैसे घटी। इसके बाद पुलिस आरोपी को लेकर सैफ के घर से वापस निकली।

बस स्टॉप और रेलवे स्टेशन भी ले गई पुलिस
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच के अफसरों ने बताया कि आरोपी को सैफ के घर के बाद पुलिस को बांद्रा रेलवे स्टेशन ले जाया गया। पुलिस आरोपी को उस बस स्टॉप पर भी ले गई, जहां से वारदात के बाद वह बस पकड़कर फरार हुआ था। पुलिस ने हमले से जुड़ी एक-एक कड़ी जोड़ने की कोशिश की। यह जांच हमले की गुत्थी सुलझाने के लिए की गई कि आरोपी सैफ पर हमले के बाद कैसे फरार हुआ। 

सैफ पर हमले की रात क्या हुआ था?
16 जनवरी की रात सैफ अली खान पर आरोपी शरीफुल ने चाकू से हमला किया। आरोपी चोरी के इरादे से सैफ के घर में घुसा था। सैफ ने आरोपी का सामना किया, जिसके बाद दोनों के बीच हाथापाई हुई। इस घटना में सैफ को 6 घाव लगे। चाकू का टुकड़ा टूट कर रीढ़ की हड्डी के पास धंस गई। एक्टर को तुरंत लीलावती अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर्स का कहना है कि सैफ तेजी से ठीक हो रहे हैं। इस हमले ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है।

आरोपी शरीफुल ने सैफ के कैसे घर में की एंट्री?
घटना की रात आरोपी शरीफुल सैफ की बिल्डिंग की सातवीं मंजिल तक सीढ़ियों से पहुंचा। इसके बाद उसने डक्ट एरिया का इस्तेमाल किया और पाइप की मदद से 12वीं मंजिल तक पहुंच गया। सैफ और करीना के छोटे बेटे जहांगीर के कमरे के बाथरूम में घुसकर वह छिप गया। जब वह बाथरूम से बाहर आया तो नैनी अरिमिया फिलिप्स ने उसे देख लिया। आरोपी ने नैनी से बहस की और 1 करोड़ रुपए की डिमांड रखी। शोर सुनकर सैफ वहां आए और आरोपी का सामना किया।  

बांग्लादेश लौटने के लिए चोरी की योजना बनाई
जांच में पता चला है कि शरीफुल बांग्लादेश लौटने की तैयारी कर रहा था। इसके लिए उसने चोरी कर पैसे कमाने की योजना बनाई। उसने भारत में पहचान पत्र बनवाने का प्रयास किया, लेकिन इसमें नाकाम रहा। इसके बाद उसने बांद्रा इलाके को टारगेट किया। शरीफुल ने पहले एक डांस बार में काम किया था। बार में कई रईस लोग खूब पैसे उड़ाते थे। इससे प्रेरित होकर उसने ज्यादा पैसे कमाने का फैसला किया। हालांकि, उसे नहीं पता था कि वह एक बड़े सेलेब्रिटी के घर में चोरी करने जा रहा है।  

मुंबई पुलिस की जांच जारी
मुंबई पुलिस ने आरोपी को ठाणे से गिरफ्तार किया और उससे लगातार पूछताछ कर रही है। आरोपी के पिछले क्राइम रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी शरीफुल ने स्वीकार किया कि वह चोरी के मकसद से सैफ के घर में दाखिल हुआ था। हमले के दौरान उसका असली मकसद पैसे जुटाना। पुलिस इस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। उसने पुलिस को यह भी बताया कि वह पहले भी कई मकानों की रेकी कर चुका था।

Similar News