Renault Triber Facelift: देश की सबसे सस्ती 7-सीटर लॉन्च, बेस वैरिएंट में भी 6 एयरबैग दिए; बस इतनी रखी कीमत

रेनो इंडिया ने लंबे इंतजार के बाद अपनी पॉपुलर 7-सीटर ट्राइबर का नया फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च कर दिया है। इसे पहली बार 2019 में लॉन्च किया गया था।

Updated On 2025-07-23 14:37:00 IST

Renault Triber Facelift Launch: रेनो इंडिया ने लंबे इंतजार के बाद अपनी पॉपुलर 7-सीटर ट्राइबर का नया फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च कर दिया है। इसे पहली बार 2019 में लॉन्च किया गया था। तब से ये ट्राइबर का पहला बड़ा अपडेट है। नई ट्राइबर में कॉस्मेटिक अपग्रेड, मॉडर्न फीचर्स और बेहतर सेफ्टी फीचर्स शामिल हैं, जो इसे मिडिल-क्लास फैमिली के लिए बेहतर ऑप्शन बनाएंगे। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 6.30 लाख रुपए है। जो टॉप वैरिएंट के लिए 9.17 लाख रुपए तक जाती है। कीमत के लिहाज से ये देश की सबसे सस्ती 7-सीटर MPV भी है।

LED DRLs और नया 2D लोगो

2025 ट्राइबर फेसलिफ्ट में एक फ्रेस और मॉडर्न डिजाइन दिया गया है। सामने की तरफ नई ग्लॉस ब्लैक ग्रिल, स्लीक LED हेडलैंप्स के साथ LED DRLs और रीप्रोफाइल्ड बम्पर है, जिसमें नए फॉग लैंप हाउसिंग और बड़ा एयर डैम शामिल है। रेनो का नया 2D डायमंड लोगो इस मॉडल में पहली बार देखा गया है, जो इसे प्रीमियम लुक देता है। साइड प्रोफाइल में नए 15-इंच एलॉय व्हील्स हैं, जबकि पीछे की तरफ स्मोक्ड LED टेललाइट्स, नया बैजिंग और अपडेटेड बम्पर हैं। ये बदलाव ट्राइबर को पहले से अधिक स्टाइलिश और मॉडर्न बनाते हैं।

कार में मैकेनिकल चेंजेस नहीं किए

रेनो ट्राइबर फेसलिफ्ट में कोई मैकेनिकल चेंजेस नहीं किया गया है। इसमें वही 1.0-लीटर, 3-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन है, जो 72 hp की पावर और 96 Nm का टॉर्क देता है। ये 5-स्पीड मैनुअल या 5-स्पीड AMT गियरबॉक्स के साथ उपलब्ध है। रेनो ने CNG वेरिएंट को भी बरकरार रखा है, जो डीलर-लेवल फिटमेंट के रूप में उपलब्ध होगा। कंपनी का दावा है कि पेट्रोल वैरिएंट 19 से 20.5 kmpl का माइलेज देता है।

थर्ड रो के लिए भी AC वेंट्स दिए

रेनो ट्राइबर फेसलिफ्ट का इंटीरियर पहले से अधिक प्रीमियम और टेक्नोलॉजी से भरपूर है। इसमें लाइट कलर थीम, नई अपहोल्स्ट्री और सॉफ्ट-टच मैटेरियल्स के साथ री-डिजाइन डैशबोर्ड है। इसमें दिया गया 8-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो और एपल कारप्ले सपोर्ट करता है। इसमें 7-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, वायरलेस चार्जर और 360-डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स इसे और अट्रैक्टिव बनाते हैं। थर्ड रो सीट्स हटाने योग्य हैं, जिससे 625 लीटर का बड़ा बूट स्पेस मिलता है। थर्ड रो के लिए डेडिकेटेड AC वेंट्स भी मिलते हैं।

6 एयरबैग स्टैंडर्ड तौर पर मिलेंगे

नई ट्राइबर में कई मॉडर्न फीचर्स शामिल किए गए हैं। इसमें 8-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस चार्जर, कीलेस एंट्री और पुश-बटन स्टार्ट, ऑटोमैटिक हेडलैंप्स, क्रूज कंट्रोल, रियर पार्किंग सेंसर और कैमरा, ग्लोबल स्मार्ट की और रिमोट इंजन स्टार्ट शामिल हैं। ये फीचर्स इसे बजट सेगमेंट में एक मजबूत दावेदार बनाते हैं। सेफ्टी के लिए इसमें 6 एयरबैग्स स्टैंडर्ड मिलेंगे। इसमें ABS के साथ EBD, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ESP), हिल स्टार्ट असिस्ट, रियर पार्किंग सेंसर और कैमरा, ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट्स और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) शामिल हैं।

(मंजू कुमारी)

Tags:    

Similar News