Commercial Vehicle: टीवीएस ने लॉन्च किया TVS King Kargo HD CNG कमर्शियल व्हीकल, डिटेल
टीवीएस मोटर्स का नया सीएनजी कमर्शियल व्हीकल देश के कार्गो ऑपरेटरों की जरूरतों को पूरा करेगा, जिसमें बेहतर लोड क्षमता और ड्राइवर कंफर्ट का विशेष ध्यान रखा गया है।
TVS King Kargo HD CNG कमर्शियल व्हीकल लॉन्च
Commercial Vehicle: भारत की प्रमुख दोपहिया और तीनपहिया वाहन निर्माता कंपनी टीवीएस मोटर्स ने कमर्शियल सेगमेंट में अपना नया वाहन TVS King Kargo HD CNG लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसे खासतौर पर लास्ट माइल कनेक्टिविटी की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पेश किया है। यह नया तीन पहिया वाहन बेहतर लोडिंग क्षमता, मजबूत इंजन और कम ऑपरेटिंग कॉस्ट के साथ छोटे व्यवसायियों और कार्गो ऑपरेटरों के लिए एक उपयोगी विकल्प बनकर सामने आया है।
लास्ट माइल कनेक्टिविटी के लिए खास
TVS King Kargo HD CNG को खास तौर पर छोटे सामान की ढुलाई और शहरी क्षेत्रों में लास्ट माइल डिलीवरी के लिए डिजाइन किया गया है। यह वाहन सीएनजी से चलता है, जिससे ईंधन की लागत कम होती है और पर्यावरण पर भी कम असर पड़ता है। बढ़ती डिलीवरी और लॉजिस्टिक्स जरूरतों को देखते हुए कंपनी ने इसे मजबूत और भरोसेमंद विकल्प के रूप में पेश किया है।
फीचर्स और डिजाइन
कंपनी के मुताबिक इस तीन पहिया वाहन में 6.6 फीट लंबा लोड डेक दिया गया है, जिससे ज्यादा सामान आसानी से ले जाया जा सकता है। इसमें पूरी तरह खुलने वाली खिड़कियां, पावर गियर और ड्राइवर की सुविधा को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया केबिन दिया गया है। इसका उद्देश्य लंबी दूरी तक काम करने वाले ड्राइवरों को ज्यादा आराम देना है।
दमदार इंजन और परफॉर्मेंस
TVS King Kargo HD CNG में 301.1 सीसी का लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है। यह इंजन 9.1 किलोवाट की पावर और 22.4 न्यूटन मीटर का टॉर्क जनरेट करता है। यह तीन पहिया वाहन अधिकतम 62 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकता है। इसके अलावा 235 एमएम की ग्राउंड क्लीयरेंस इसे खराब सड़कों पर भी चलने में सक्षम बनाती है।
कंपनी ने क्या कहा?
टीवीएस मोटर्स के कमर्शियल मोबिलिटी बिजनेस हेड रजत गुप्ता ने कहा कि इस वाहन को खासतौर पर कार्गो ऑपरेटरों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। बेहतर लोड क्षमता और ड्राइवर कंफर्ट के साथ यह ऑपरेशन की लागत और थकान को कम करने में मदद करेगा।
कीमत और उपलब्धता
कंपनी ने TVS King Kargo HD CNG को 2.70 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर लॉन्च किया है। इसे दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाएगा।
(मंजू कुमारी)