Sahakar Taxi: भारत टैक्सी ऐप देगा ड्राइवरों को बेहतर कमाई का मौका, जानें पब्लिक कैसे यूज करे?

भारत टैक्सी ऐप सहकारी मॉडल पर बेस्ड है, जहां ड्राइवर केवल सेवा देने वाले नहीं बल्कि प्लेटफॉर्म के हिस्सेदार भी हैं। यहां ड्राइवरों को सम्मानपूर्वक ‘सारथी’ नाम दिया गया है।

Updated On 2026-02-06 20:57:00 IST

भारत टैक्सी ऐप सहकारी मॉडल पर बेस्ड

Sahakar Taxi: भारत सरकार ने देश का पहला सरकारी मॉडल पर आधारित राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म Bharat Taxi App आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। इस ऐप को पहले दिल्ली-एनसीआर और कुछ राज्यों में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर चलाया जा रहा था, लेकिन अब इसे पूरे देश में लागू कर दिया गया है। इस प्लेटफॉर्म का संचालन Sahakar Taxi Cooperative Ltd द्वारा किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य ड्राइवरों को मालिकाना हक और बेहतर कमाई का मौका देना है।

क्या है Bharat Taxi App का कॉन्सेप्ट

  • Bharat Taxi App सहकारी मॉडल पर आधारित है, जहां ड्राइवर केवल सेवा देने वाले नहीं बल्कि प्लेटफॉर्म के हिस्सेदार भी होते हैं। यहां ड्राइवरों को सम्मानपूर्वक ‘सारथी’ कहा जाता है। इस ऐप के जरिए कैब, ऑटो और बाइक टैक्सी बुक की जा सकती है। फिलहाल इस प्लेटफॉर्म पर रोजाना 10 हजार से ज्यादा राइड्स पूरी हो रही हैं और 3 लाख से अधिक ड्राइवर रजिस्ट्रेशन कर चुके हैं।
  • इस ऐप की सबसे बड़ी खासियत 0% कमीशन मॉडल है। जहां Ola, Uber और Rapido जैसे निजी ऐप ड्राइवरों की कमाई से 20–30 प्रतिशत तक कमीशन लेते हैं, वहीं Bharat Taxi App में पूरी कमाई सीधे ड्राइवर के खाते में जाती है। इसके अलावा इसमें सर्ज प्राइसिंग भी नहीं है और किराया पूरी तरह पारदर्शी रखा गया है।

सुविधाएं और फायदे

यह ऐप कैब, ऑटो और बाइक टैक्सी के साथ आउटस्टेशन, राउंड ट्रिप और वन-वे यात्रा जैसी सुविधाएं भी देता है। ड्राइवरों को ₹5 लाख तक का एक्सीडेंट इंश्योरेंस और परिवार के लिए हेल्थ इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं, जिससे यह उनके लिए ज्यादा फायदेमंद प्लेटफॉर्म बन जाता है।

ड्राइवर कैसे बनें

ड्राइवर के रूप में जुड़ने के लिए Google Play Store या Apple App Store से Bharat Taxi Driver या BharatCabs Pilot ऐप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद मोबाइल नंबर से OTP वेरिफिकेशन, जरूरी डिटेल्स और डॉक्यूमेंट्स अपलोड करने होते हैं। DigiLocker के जरिए वेरिफिकेशन के बाद प्रोफाइल एक्टिव हो जाती है और राइड्स शुरू की जा सकती हैं।

महिलाओं की सुरक्षा पर खास ध्यान

इस ऐप में महिलाओं की सुरक्षा के लिए Bike Didi प्रोग्राम, महिला ड्राइवर का विकल्प, SOS बटन, लाइव ट्रैकिंग और पुलिस सहयोग जैसी सुविधाएं दी गई हैं।

यात्री कैसे करें इस्तेमाल

यात्री भी ऐप डाउनलोड कर मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करके पिक-अप और ड्रॉप लोकेशन डालकर आसानी से राइड बुक कर सकते हैं। किराया पहले ही दिख जाता है और कोई छिपा हुआ चार्ज नहीं लिया जाता।

(मंजू कुमारी)

Tags:    

Similar News