Number Auction: हरियाणा में फैंसी नंबर प्लेट के लिए 1.17 करोड़ की बोली, भरना पड़ेगा 32 लाख रु. GST
नए मॉडलों की लॉन्चिंग के साथ ही लोगों में फैंसी नंबर प्लेट्स का एक और क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। इसी जुनून ने हरियाणा की ऑनलाइन नीलामी में नया रिकॉर्ड बना दिया।
हरियाणा की ऑनलाइन नीलामी में HR88B8888 नंबर 1.17 करोड़ रुपए में बिका
Number Auction: भारत में कारें अब सिर्फ आने-जाने का साधन नहीं रहीं, बल्कि शान, स्टेटस और प्रतिष्ठा का बड़ा प्रतीक बन चुकी हैं। इसी वजह से लोग अपनी कार के लिए फैंसी नंबर प्लेट्स खरीदने का क्रेज दिखा रहे हैं। हाल ही में हरियाणा की ऑनलाइन नीलामी में HR88B8888 नंबर 1.17 करोड़ रुपए में बिका, जो अब देश की सबसे महंगी नंबर प्लेट बन गई है। अब सवाल है कि इतनी महंगी नंबर प्लेट खरीदने वाले को कितना टैक्स देना होगा?
फैंसी नंबरों को लग्जरी आइटम माना जाएगा?
सरकार फैंसी नंबरों को लग्जरी आइटम मानने की तैयारी कर रही है। अगर ऐसा होता है, तो इन नंबरों पर 28% GST लगाया जाएगा। अभी कई राज्यों में सिर्फ रजिस्ट्रेशन फीस या 18% GST लिया जाता है। अगर 1.17 करोड़ की नंबर प्लेट पर 28% GST लगता है, तो टैक्स की रकम लगभग 32.76 लाख रुपये होगी। यानी सिर्फ टैक्स के रूप में ही 30 लाख रुपये से ज्यादा देने पड़ेंगे।
फैंसी नंबरों पर 28% GST लागू करने की तैयारी
सरकार चाहती है कि पूरे देश में फैंसी नंबरों पर एक जैसा टैक्स लागू हो। इसके लिए वित्त मंत्रालय से नियम बनाने को कहा गया है। सरकार ने यह भी कहा है कि बिना नीलामी या बिना अनुमति के फैंसी नंबर लगाना गैरकानूनी है। ऐसा करने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भारी जुर्माना लग सकता है। अगर 28% GST लागू हो गया, तो फैंसी नंबर और भी महंगे हो जाएंगे। आम लोग इन्हें खरीद नहीं पाएंगे। यह सिर्फ अमीर लोगों के लिए लग्जरी आइटम बन जाएगा।
कैसे होती है VIP नंबरों की नीलामी?
हरियाणा में VIP नंबरों की नीलामी पूरी तरह ऑनलाइन होती है। हर शुक्रवार शाम 5 बजे से सोमवार शाम 9 बजे तक लोग अपनी पसंद का नंबर चुनकर आवेदन करते हैं। इसके बाद बुधवार शाम 5 बजे तक ऑनलाइन बोली चलती है। उसी दिन नीलामी का परिणाम घोषित कर दिया जाता है।
कुल मिलाकर, भारत में फैंसी नंबरों की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और आने वाले समय में यह ट्रेंड और भी हाई-प्रोफाइल होने वाला है।
(मंजू कुमारी)