Electric SUV: वोल्वो जल्द पेश करेगी नई इलेक्ट्रिक EX60, जानें क्या भारत में होगी लॉन्च?
भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते इलेक्ट्रिक वाहन बाजारों में से एक है, इसलिए वोल्वो EX60 को इंडियन मार्केट में पेश किया जा सकता है। इसे एडवांस फीचर्स, प्रीमियम डिजाइन और ज्यादा रेंज के साथ लाया जाएगा।
वोल्वो (Volvo) भी नई इलेक्ट्रिक SUV को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।
Electric SUV: दुनियाभर के साथ-साथ भारत में भी इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है। इसी को देखते हुए लगभग सभी ऑटो कंपनियां नए-नए सेगमेंट्स में अपनी ईवी (EV) मॉडल्स पेश कर रही हैं। अब लग्ज़री कार निर्माता वोल्वो (Volvo) भी अपनी नई इलेक्ट्रिक SUV को लॉन्च करने की तैयारी में है। कंपनी जल्द ही Volvo EX60 से पर्दा उठाने वाली है। आइए जानते हैं, इस SUV से जुड़ी अब तक की सभी अहम जानकारियां।
जल्द होगी पेश – Volvo EX60
वोल्वो अपनी अगली इलेक्ट्रिक SUV EX60 को ग्लोबल स्तर पर पेश करने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने सोशल मीडिया पर इस कार की झलक के साथ इसकी लॉन्च डेट की घोषणा भी कर दी है।
कब होगी लॉन्च?
वोल्वो के मुताबिक, नई Volvo EX60 को 21 जनवरी 2026 को ग्लोबली पेश किया जाएगा। यह मौजूदा XC60 का इलेक्ट्रिक वर्जन होगी। हालांकि, कंपनी ने इसके फीचर्स, बैटरी पैक और रेंज से जुड़ी जानकारी अभी साझा नहीं की है — ये सभी डिटेल्स इसके आधिकारिक अनावरण के समय सामने आएंगी।
कहां बनेगी यह SUV?
सूत्रों के अनुसार, Volvo EX60 को कंपनी के टॉर्सलैंड (Torslanda) प्लांट में तैयार किया जाएगा। हालांकि, उम्मीद जताई जा रही है कि इसे भारत में भी असेंबल किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है, तो इससे SUV की कीमत को प्रतिस्पर्धी बनाए रखने में मदद मिलेगी और वोल्वो को भारतीय बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने का मौका मिलेगा।
क्या भारत में लॉन्च होगी Volvo EX60?
कंपनी ने फिलहाल भारत में इसके लॉन्च को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। लेकिन ऑटो एक्सपर्ट्स का मानना है कि भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते इलेक्ट्रिक वाहन बाजारों में से एक है, इसलिए वोल्वो इस मॉडल को भारतीय बाजार में जरूर पेश कर सकती है।
हाल ही में लॉन्च हुई थी Volvo EX3
बता दें, वोल्वो ने हाल ही में भारत में अपनी कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक SUV EX30 लॉन्च की थी, जिसे शानदार प्रतिक्रिया मिली। ऐसे में उम्मीद है कि Volvo EX60 को EX30 की तुलना में ज्यादा रेंज, एडवांस फीचर्स और प्रीमियम डिजाइन के साथ लाया जाएगा।
Volvo EX60 कंपनी की मिड-साइज़ लग्ज़री इलेक्ट्रिक SUV होगी, जो आने वाले समय में Tesla Model Y, BMW iX और Mercedes EQC जैसी कारों को टक्कर दे सकती है। इसकी लॉन्चिंग से वोल्वो के इलेक्ट्रिक लाइनअप को और मजबूती मिलने की पूरी उम्मीद है।
(मंजू कुमारी)