Vehicle Sales: देश की 4 कमर्शियल व्हीकल निर्माताओं की बल्ले-बल्ले, अक्टूबर में बना बिक्री का रिकॉर्ड
देश में कमर्शियल व्हीकल इंडस्ट्री अब स्थिर रिकवरी फेज में प्रवेश कर चुकी है। अक्टूबर सेल्स के आंकड़े संकेत है कि आने वाले महीनों में भी यह ग्रोथ ट्रेंड जारी रह सकता है।
टाटा मोटर्स ने अक्टूबर में कमर्शियल व्हीकल बिक्री में 9.5% सालाना बढ़ोतरी दर्ज
Vehicle Sales: भारत के कमर्शियल व्हीकल (CV) सेक्टर ने अक्टूबर 2025 में जबरदस्त वापसी की है। सरकारी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट में तेजी और त्योहारों के दौरान बढ़ी लॉजिस्टिक मांग ने इस ग्रोथ को मजबूत सहारा दिया। ACMIIL की रिपोर्ट के मुताबिक, लगभग सभी प्रमुख ऑटो कंपनियों ने साल-दर-साल बेहतर प्रदर्शन दर्ज किया है, जो यह दर्शाता है कि देश की फ्रेट गतिविधि और अर्थव्यवस्था दोनों ही मजबूत स्थिति में हैं।
टाटा मोटर्स की बिक्री में आई तेजी
टाटा मोटर्स ने अक्टूबर में कुल कमर्शियल व्हीकल बिक्री में 9.5% सालाना बढ़ोतरी दर्ज की। पिछले चार तिमाहियों की गिरावट के बाद कंपनी का यह लगातार दूसरा सकारात्मक तिमाही प्रदर्शन रहा। भारी और छोटे कमर्शियल व्हीकल दोनों सेगमेंट्स में एकल-अंक की ग्रोथ दर्ज हुई, जबकि पैसेंजर कैरियर वाहनों की बिक्री 12.3% बढ़ी। कंपनी के निर्यात में 56.2% की बड़ी छलांग देखने को मिली, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में इसकी पकड़ और मजबूत हुई है।
महिंद्रा की डबल-डिजिट ग्रोथ
महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) ने अक्टूबर में कुल कमर्शियल व्हीकल बिक्री में 14% की बढ़त दर्ज की। यह वृद्धि मुख्य रूप से 2 टन से 3.5 टन लाइट कमर्शियल व्हीकल (LCV) सेगमेंट में 13.8% की मजबूत मांग के कारण रही। रिपोर्ट बताती है कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सुधार और त्योहारों की बढ़ी मांग ने कंपनी के प्रदर्शन को सहारा दिया। हालांकि, मीडियम और हैवी ट्रक-बस सेगमेंट में 1.5% की मामूली गिरावट देखने को मिली।
अशोक लेलैंड और एसएमएल इसुज़ु की दमदार परफॉर्मेंस
एसएमएल इसुज़ु ने अक्तूबर में 32.2% सालाना वृद्धि दर्ज की, जो कार्गो और पैसेंजर दोनों सेगमेंट्स में बढ़ती मांग से प्रेरित रही। वहीं, अशोक लेलैंड की कुल बिक्री में 16.4% की बढ़ोतरी दर्ज हुई। इसके M&HCV सेगमेंट में 15.5% और LCV सेगमेंट में 17.8% की ग्रोथ रही। त्योहारों की मांग, सड़क निर्माण परियोजनाओं में तेजी और पिछले साल के कमजोर बेस इफेक्ट ने कंपनी की बिक्री को मजबूती दी। निर्यात में भी 21.2% की वृद्धि हुई।
आयशर मोटर्स के निर्यात में रिकॉर्ड उछाल
आयशर मोटर्स के VECV डिविजन ने अक्तूबर में 13.2% की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की। घरेलू बिक्री में 6.9% की वृद्धि हुई, जबकि निर्यात में 133.7% का रिकॉर्ड उछाल देखने को मिला। कंपनी के लाइट और मीडियम ड्यूटी ट्रक व बस सेगमेंट में लगातार मजबूत मांग बनी हुई है।
इंफ्रास्ट्रक्चर और लॉजिस्टिक्स से मिली नई ऊर्जा
रिपोर्ट के अनुसार, अक्टूबर का प्रदर्शन इस बात का संकेत है कि कमर्शियल व्हीकल इंडस्ट्री अब स्थिर रिकवरी के चरण में प्रवेश कर चुकी है। सरकार के इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश, बढ़ती माल ढुलाई (फ्रेट मूवमेंट) और त्योहारों की सीजनल डिमांड ने सेक्टर में नई ऊर्जा भर दी है। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले महीनों में भी यह ग्रोथ ट्रेंड जारी रह सकता है।
(मंजू कुमारी)