Jeep SUV: जीप ने पेश किया 2026 मेरिडियन मॉडल, जानें भारतीय बाजार में कब आएगा?
जीप मेरिडियन के 2026 मॉडल का दक्षिण अमेरिकी बाजार में डेब्यू हो चुका है। लेकिन अभी भारतीय में बिक रही Jeep Meridian फर्स्ट जनरेशन वर्जन है, जिसे मई 2022 में लॉन्च किया गया था।
Jeep SUV: जीप ने अपनी पॉपुलर Meridian SUV का 2026 वर्जन पेश किया है। बता दें कि कंपनी ने इसे अक्टूबर 2024 में लेवल-2 ADAS सूट के साथ अपडेट किया था, लेकिन इसका आधिकारिक फेसलिफ्ट अब तक भारतीय बाजार में लॉन्च नहीं हुआ है। नए मॉडल में डिजाइन और फीचर्स दोनों में बदलाव किए गए हैं।
डेब्यू और बदलाव
भारतीय बाजार में फिलहाल बिक रही Jeep Meridian फर्स्ट जनरेशन वर्जन है, जिसे मई 2022 में लॉन्च किया गया था। अक्टूबर 2024 में इसे ADAS अपडेट तो मिला था, लेकिन डिजाइन पहले जैसा ही रहा। अब दक्षिण अमेरिकी बाजार में इसके 2026 वर्जन का डेब्यू हो चुका है और उम्मीद है कि यही अपडेट भारत में भी पेश होंगे। माना जा रहा है कि इस रिफ्रेश के बाद SUV की अपील और मार्केट शेयर में बढ़ोतरी होगी।
डिजाइन और इंटीरियर अपडेट
- नए मॉडल के फ्रंट फेसिया में हल्के लेकिन ध्यान देने योग्य बदलाव किए गए हैं। इसमें अब प्रोजेक्टर की जगह रिफ्लेक्टर सेटअप वाली नई हेडलाइट्स दी गई हैं। ग्रिल का आकार पहले से छोटा कर दिया गया है और दोनों हेडलाइट्स को जोड़ने वाला एलिमेंट अब और पतला तथा सीधा नजर आता है। फॉग लाइट्स को नए डिज़ाइन वाले फॉक्स एयर वेंट्स में शिफ्ट किया गया है, जबकि साइड प्रोफाइल पहले जैसा ही रखा गया है।
- इसमें अब 19-इंच अलॉय व्हील्स शामिल किए गए हैं, जो इसे ज्यादा प्रीमियम लुक देते हैं। केबिन में भी कुछ अहम अपडेट्स किए गए हैं। इसमें नया रोटरी गियर सेलेक्टर, 60-डिग्री कैमरा, और बेहतर मटेरियल व अपहोल्स्ट्री डिज़ाइन जोड़े गए हैं। साथ ही, ग्राहकों को 12 महीनों के लिए मुफ्त वाई-फाई हॉटस्पॉट सेवा भी मिलेगी।
- खास बात यह है कि 2026 Meridian में कंपनी ने सभी वेरिएंट्स में लेवल-2 ADAS को स्टैंडर्ड फीचर के तौर पर शामिल किया है। हालांकि, भारतीय मॉडल में यह फीचर दिया जाएगा या नहीं, इस पर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
इंजन ऑप्शन
दक्षिण अमेरिकी बाजार के लिए 2026 Jeep Meridian तीन इंजन ऑप्शन में पेश की गई है:
T270 फ्लेक्स (पेट्रोल/इथेनॉल) – 176 bhp
2.2L डीजल इंजन – 200 bhp
2.0L टर्बो पेट्रोल Hurricane4 इंजन – 272 bhp
भारत में हालांकि, इसे मौजूदा 2.0L टर्बो डीजल इंजन (170 PS पावर और 350 Nm टॉर्क) के साथ ही पेश किए जाने की संभावना है। यह इंजन 9-स्पीड गियरबॉक्स और AWD सिस्टम से जुड़ा होगा।
कंपनी ने अभी भारत में 2026 Meridian के लॉन्च को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
(मंजू कुमारी)