Logo
election banner
CM in Khandwa: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खंडवा स्थित श्रीधुनीवाले दादाजी धाम में झाड़ू लगाकर सेवा की। वह भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल के समर्थन में प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करने पहुंचे।

खंडवा। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार खंडवा पहुंचे। वे भाजपा प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल के समर्थन में खंडवा में प्रबुद्धजनों से संवाद करने आए थे। संवाद कार्यक्रम के बाद मोहन यादव शहर के अति प्राचीन श्री धुनीवाले दादाजी दरबार पहुंचे, जहां सीएम मोहन यादव का भक्ति भाव में लीन अंदाज दिखाई दिया। 

भाजपा प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि मुख्यमंत्री ने दादाजी धाम में बड़े दादाजी और छोटे दादाजी के दर्शन कर चादर चढ़ाई और मां नर्मदा के दर्शन किए। सीएम ने देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए धुनी माई में श्रीफल अर्पण कर आहुति पेश की। सीएम यादव ने दादाजी मंदिर में झाड़ू लगाकर सेवा की। आपको बता दें कि श्री धुनीवाले दादाजी दरबार में सेवा करने का बड़ा महत्व माना जाता है। 

सुनील जैन ने बताया कि दर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री मंदिर ट्रस्ट के कार्यालय में पहुंचे, जहां ट्रस्टी धर्मेंद्र बजाज ने उनका स्वागत कर प्रसादी और चादर भेंट की। मुख्यमंत्री मोहन यादव सेवा समिति के कार्यालय भी पहुंचे और कोमल भाऊ की फोटो पर पुष्प अर्पण कर नमन किया। 

पटेल समिति के मदन भाऊ ने सीएम को प्राचीन रसोई केंद्र भी दिखाया। मंदिर के बाहर परिसर में क्षेत्र के पार्षद आशीष चटकले के नेतृत्व में वार्डवासियों ने पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत अभिनंदन किया। दादाजी धाम दर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव हवाई पट्टी के लिए रवाना हुए, जहां से हेलीकॉप्टर के माध्यम से वे प्रधानमंत्री मोदी की सभा शामिल होने के लिए धार रवाना हुए। इस दौरान सीएम के साथ बीजेपी के स्थानीय जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

धुनीवाले दादा दरबार का महत्व 
जहां आज के समय में हर बड़े मंदिर में वीआईपी दर्शन की सुविधा होती है, लेकिन खंडवा के श्रीधुनीवाले दरबार में हर आम-खास लाइन में लगकर ही मत्था टेकता है। धुनीवाले दादा दरबार ऐसा दरबार है, जहां किसी भक्त के लिए वीआईपी दर्शन की व्यवस्था नहीं है। यहां कितना भी बड़ी व्यक्ति हो, लाइन में लगकर ही दर्शन करना पड़ता है। साथी सेवा कार्य के समय मंदिर के गेट के बाहर से ही दर्शन करने होते हैं। 

सांसद बोले- फिर एक बार मोदी सरकार 
इससे पहले मंगलवार सुबह 9 बजे मुख्यमंत्री ने निजी होटल में प्रबुद्धजनों से मुलाकात की। अपने उद्बोधन में मोहन यादव ने कहा कि देश की दशा और दिशा बदलने के साथ भारत का सम्मान बढ़ाने के लिए इस बार फिर मोदी सरकार बनाने का आह्वान किया। इसके लिए खंडवा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल को भारी मतों से जीताने की अपील की। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सैकड़ों वर्षों के संघर्ष के बाद अयोध्या में भगवान रामलला को विशाल मंदिर में विराजमान होते हुए हमने देखा है। कांग्रेस ने हर समय भगवान श्रीराम पर प्रश्न चिन्ह लगाए। रामसेतु को नष्ट करने का कार्य किया। अयोध्या में भगवान श्रीराम के निमंत्रण को ठुकराया। कश्मीर से धारा 370 हटाकर आतंकवाद को समाप्त किया। दुनिया के साथ भारत बदल रहा है। विश्व में भारत का मान-सम्मान मोदी जी ने बढ़ाया है। बदलता हुआ भारत अब आंख में आंख डालकर बात करता है।

5379487