मिर्ज़ापुर : असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में प्रसिद्ध विंध्याचल धाम पहुंचे। यहाँ उन्होंने मां विंध्यवासिनी के चरणों में मत्था टेका और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
हालांकि, मंदिर परिसर से बाहर निकलते ही सीएम हिमंता अपने पुराने तेवर में नजर आए और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी की राजनीतिक कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन्हें 'मानसिक रूप से बीमार' तक कह डाला।
मां विंध्यवासिनी के दरबार में लगाई हाजिरी
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा सुबह मिर्जापुर पहुंचे, जहां जिला प्रशासन और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने विंध्याचल मंदिर में दर्शन-पूजन कर देश और अपने प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर के पुजारियों ने उन्हें माता की चुनरी और प्रसाद भेंट किया। दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण और विंध्य कॉरिडोर की प्रशंसा भी की।
राहुल गांधी पर विवादित और तीखा हमला
मीडिया से बात करते हुए जब उनसे विपक्षी गठबंधन और राहुल गांधी के बयानों को लेकर सवाल पूछा गया, तो सीएम हिमंता ने बेहद आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की बातें और उनके विचार यह दर्शाते हैं कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं।
हेमंता ने आगे जोड़ते हुए कहा कि राहुल गांधी को राजनीति करने के बजाय अपना इलाज कराना चाहिए, क्योंकि उनके बयान देशहित में नहीं होते।
कांग्रेस की नीतियों पर बरसे हिमंता
असम के सीएम ने केवल राहुल गांधी ही नहीं, बल्कि पूरी कांग्रेस पार्टी की विचारधारा पर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश को बांटने की राजनीति कर रही है और उनके पास कोई विजन नहीं बचा है। हिमंता बिस्वा सरमा, जो खुद कभी कांग्रेस में रह चुके हैं, अक्सर राहुल गांधी के नेतृत्व पर सवाल उठाते रहते हैं, लेकिन विंध्याचल की धरती से दिया गया उनका यह 'मानसिक बीमारी' वाला बयान अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
विंध्य कॉरिडोर की भव्यता को सराहा
राजनीतिक चर्चा के बीच उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह से विंध्याचल धाम का कायाकल्प हुआ है, वह अद्भुत है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के केंद्रों का इस तरह से पुनरुद्धार होना हर श्रद्धालु के लिए गर्व की बात है।











