T20 World Cup 2026: पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार को जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच होने वाला मुकाबला भारी बारिश के कारण धुल गया। मैच का कोई नतीजा नहीं निकलने के बाद दोनों टीमों को एक-एक अंक दिया गया। इस एक अंक के साथ ही जिम्बाब्वे के ग्रुप-बी में कुल 5 अंक हो गए और सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर लिया। वहीं, इस नतीजे ने आयरलैंड और ऑस्ट्रेलिया दोनों के लिए टूर्नामेंट के दरवाजे बंद कर दिए हैं।
जिम्बाब्वे ने रचा इतिहास
जिम्बाब्वे की टीम इस वर्ल्ड कप में अब तक अजेय रही है। उन्होंने अपने पहले मैच में ओमान को हराया था और फिर कोलंबो में खेले गए रोमांचक मुकाबले में शक्तिशाली ऑस्ट्रेलियाई टीम को 23 रनों से हराकर सबको चौंका दिया था। अब सुपर-8 में जिम्बाब्वे की टीम ग्रुप-1 का हिस्सा होगी, जहां उसका सामना भारत, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज जैसी दिग्गज टीमों से होगा। जिम्बाब्वे ने श्रीलंका के साथ ग्रुप-बी से आगे का सफर तय किया है।
ऑस्ट्रेलिया के लिए 2009 के बाद सबसे बुरा प्रदर्शन
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के इतिहास में यह एक शर्मनाक पल है क्योंकि टीम 2009 के बाद पहली बार टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज से बाहर हुई है। साल 2009 में भी टीम श्रीलंका और वेस्टइंडीज से हारकर लीग स्टेज में ही बाहर हो गई थी। इस बार भी कंगारू टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। उन्हें श्रीलंका ने हराया और फिर जिम्बाब्वे के हाथों मिली शिकस्त ने उनकी वापसी की उम्मीदों को खत्म कर दिया। तीन मैचों में दो हार ने ऑस्ट्रेलिया को टूर्नामेंट से विदा कर दिया।
सुपर-8 ग्रुप-1 की तस्वीर साफ
जिम्बाब्वे के क्वालीफाई करने के बाद सुपर-8 के ग्रुप-1 की तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो गई है। जिम्बाब्वे अब ऑस्ट्रेलिया की सीडिंग (X2) की जगह लेगा। इस ग्रुप में अब भारत, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के बीच सेमीफाइनल की जंग होगी। जिम्बाब्वे की टीम जिस लय में है, उसे देखते हुए बड़ी टीमों को उनसे सावधान रहने की जरूरत होगी। क्रिकेट प्रेमियों के लिए ऑस्ट्रेलिया का इतनी जल्दी बाहर होना किसी बड़े झटके से कम नहीं है।











