लखनऊ : उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कानूनी मोर्चा खोल दिया है। कानपुर के किशोर नगर की रहने वाली युवती का दावा है कि शादी के बाद से ही उसका पति सुहागरात और शारीरिक संबंध बनाने से कतराता रहा।
बार-बार आग्रह करने के बावजूद जब पति ने दूरी बनाए रखी, तो पत्नी को उसकी 'नपुंसकता' का शक हुआ, जिसके बाद यह विवाद अब थाने और कोर्ट की चौखट तक पहुँच गया है।
धूमधाम से हुई थी शादी, खर्च हुए थे 38 लाख
पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी 25 अप्रैल 2025 को हमीरपुर निवासी एक युवक के साथ पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम से हुई थी। उसके पिता ने होटल, जेवर और कैटरिंग आदि इंतजामों में करीब 38 लाख रुपये खर्च किए थे। परिवार को उम्मीद थी कि बेटी की नई जिंदगी खुशहाल होगी, लेकिन शादी के बाद हालात बिल्कुल उलट निकले।
पति पर नपुंसकता और धोखे का आरोप
पत्नी का आरोप है कि पति ने शादी के बाद भी शारीरिक संबंध नहीं बनाए और बात उठाने पर ससुराल पक्ष ने उस पर दबाव बनाया व धमकी दी। पीड़िता ने भावुक होकर कहा, "मैंने पति से सुहागरात के लिए कई बार कहा लेकिन वो हमेशा टालता रहा। बाद में मुझे पता चला कि वो नपुंसक है। मेरे साथ फ्रॉड हुआ है"।
इलाज के नाम पर 5 लाख की और मांग
विवाद तब और बढ़ गया जब पीड़िता का आरोप है कि उससे 5 लाख रुपये और लाने को कहा गया ताकि पति का इलाज कराया जा सके। मना करने पर उसे बदनाम करने और परिवार की इज्जत खराब करने की धमकी दी गई। युवती का कहना है कि ससुराल पक्ष ने न सिर्फ सच्चाई छिपाई, बल्कि शादी में खर्च हुआ पैसा व्यर्थ कर उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी।
रावतपुर थाने में मामला दर्ज
परेशान होकर युवती अपने पिता के घर लौट आई और कानपुर के रावतपुर थाने में पति, ससुर और ताऊ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी कमलेश राय के अनुसार, पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।










