Logo
नई दिल्ली में आयोजित एआई समिट 2026 में बिहार को 486 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। पटना में रिसर्च पार्क और एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना होगी। जानें युवाओं को कैसे मिलेगा रोजगार।

AI Impact Summit 2026: नई दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे पांच दिवसीय एआई इम्पैक्ट समिट एवं एक्सपो 2026 में मंगलवार को बिहार को 486 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। राज्य सरकार ने तकनीक के क्षेत्र में विकास के लिए महत्वपूर्ण एमओयू (समझौता पत्र) पर हस्ताक्षर किए हैं।

इस निवेश के तहत राजधानी पटना में 250 करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक रिसर्च पार्क का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही, 60 करोड़ रुपये खर्च कर बिहार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी स्थापित किया जाएगा, जो राज्य की तकनीकी क्षमता को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।

हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार और ट्रेनिंग
इस निवेश का सबसे बड़ा लाभ बिहार के युवाओं को मिलने वाला है। सरकार का अनुमान है कि इन पहलों से एआई सेक्टर में 10 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। इसके अतिरिक्त, एआई आधारित कौशल विकास (Skill Development) कार्यक्रम के तहत 50 हजार से ज्यादा युवाओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह कदम बिहार को न केवल तकनीकी रूप से सक्षम बनाएगा, बल्कि भविष्य की डिजिटल अर्थव्यवस्था के लिए वर्कफोर्स भी तैयार करेगा।

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने किया पवेलियन का उद्घाटन
समिट के दूसरे दिन बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने भारत मंडपम में बिहार पवेलियन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही आईटी मंत्री श्रेयसी सिंह और उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने भी हिस्सा लिया।

सम्राट चौधरी ने कहा कि जिस तरह भारत वैश्विक स्तर पर एआई का एजेंडा सेट कर रहा है, उसी तरह बिहार भी पूर्वोत्तर भारत का टेक्नोलॉजी हब बनने की दिशा में अग्रसर है।

चुनाव प्रक्रिया में एआई का प्रदर्शन
बिहार का राज्य निर्वाचन आयोग भी इस समिट में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रहा है। आयोग द्वारा चुनावी प्रक्रिया में एआई के उपयोग का प्रदर्शन किया गया। इसमें विशेष रूप से एआई आधारित मतदान प्रक्रिया और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुरक्षित वोटिंग की आधुनिक सुविधाओं को दिखाया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 16 फरवरी को शुरू की गई यह समिट 20 फरवरी तक चलेगी, जिसमें दुनिया भर की दिग्गज टेक कंपनियां और राष्ट्राध्यक्ष शामिल हो रहे हैं।

5379487