Logo
बिहार में आईएएस निलेश देवरे के चार्टर्ड प्लेन इस्तेमाल पर मचे बवाल के बीच मंत्री अशोक चौधरी बचाव में उतरे हैं। उन्होंने इसे दलितों और पिछड़ों के अधिकारों से जोड़ते हुए विपक्ष पर हमला बोला है।

Bihar News: बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायक राहुल कुमार ने भ्रष्टाचार और फिजूलखर्ची का आरोप लगाते हुए एक आईएएस अधिकारी के चार्टर्ड प्लेन के सफर पर सवाल खड़े किए थे। राहुल कुमार ने सदन में पूछा कि आखिर एक सरकारी अफसर के पास चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली से पटना आने के लिए लाखों रुपये कहां से आते हैं?

उन्होंने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की थी, जिसके बाद 2011 बैच के आईएएस अधिकारी निलेश देवरे का नाम इस विवाद के केंद्र में आ गया।

अशोक चौधरी ने निलेश देवरे का किया बचाव
इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी ने निलेश देवरे का जोरदार बचाव किया। उन्होंने कहा कि निलेश देवरे एक कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी हैं और यह मामला पिछले साल जुलाई का है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि उस समय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ वे स्वयं भी उसी विमान में मौजूद थे।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर उसी विभाग का निदेशक अपने परिवार के साथ विमान से वापस आ गया, तो इसमें क्या गलत है? उन्होंने सवाल उठाया कि क्या दलितों और पिछड़ों को हवाई जहाज में बैठने का अधिकार नहीं है?

अशोक चौधरी ने विपक्ष के बैकग्राउंड पर भी सवाल उठाए और कहा कि यह मुद्दा जानबूझकर तूल पकड़ाया जा रहा है। उनके अनुसार, जब विमान सरकारी कार्य से वापस बिहार आ रहा था, तब उसमें अधिकारी का बैठना कोई बड़ा अपराध नहीं है।

उन्होंने इस पूरे विवाद को दलित और पिछड़ा वर्ग के खिलाफ एक मानसिकता करार दिया। मंत्री के इस बयान के बाद बिहार की सियासत में एक बार फिर जातिगत ध्रुवीकरण की चर्चा तेज हो गई है।

कौन हैं आईएएस निलेश देवरे?
निलेश रामचंद्र देवरे बिहार कैडर के 2011 बैच के प्रभावशाली आईएएस अधिकारी हैं। महाराष्ट्र के नासिक में जन्मे देवरे पेशे से पहले एक डॉक्टर थे। वे मधुबनी, छपरा और पश्चिम चंपारण जैसे महत्वपूर्ण जिलों में जिलाधिकारी (DM) के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

वर्ष 2022 में उन्होंने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के निजी सचिव के रूप में भी कार्य किया था। वर्तमान में वे बिहार के पर्यटन विभाग के सचिव और नागरिक विमानन विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात हैं।

5379487