Logo
राजस्थान की राजधानी जयपुर के चाकसू क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के पांच श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई।

राजस्थान की राजधानी जयपुर के चाकसू क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के पांच श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे-52 पर टिगरिया मोड़ के पास सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

पुलिस के अनुसार कार सवार सभी लोग मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले थे और खाटू श्यामजी के दर्शन के लिए जयपुर की ओर आ रहे थे। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चालक को झपकी आने के कारण कार अनियंत्रित हो गई और ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में एक महिला सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर घायल युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

चाकसू थानाधिकारी मनोहर लाल मेघवाल ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। सभी शवों को चाकसू के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मृतकों की पहचान रेशमा श्रीवास्तव, पीयूष राय, रजक राहुल और चालक अनुराग के रूप में हुई है, जबकि पांचवें मृतक की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है।

हादसे के बाद नेशनल हाईवे-52 पर लंबा जाम लग गया। ट्रेलर में भरी बजरी सड़क पर बिखर जाने से यातायात बाधित हो गया। करीब दो घंटे तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।

5379487