haribhoomi hindi news
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि अगले 4-5 दिनों तक मौसम साफ रहेगा और पश्चिमी राजस्थान के जिलों में तापमान और बढ़ सकता है।

जयपुर: राजस्थान में गर्मी ने अब अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सोमवार को प्रदेश में इस सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। बाड़मेर और जैसलमेर में पारा 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है।

इससे पहले मार्च में बाड़मेर में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, लेकिन अब अप्रैल में ही गर्मी ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। दिनभर तेज धूप और गर्मी के बाद शाम को कुछ इलाकों में मौसम बदला। बीकानेर, चूरू और हनुमानगढ़ में हल्के बादल छाए और कई जगह धूलभरी हवाएं चलीं।

वहीं चित्तौड़गढ़ में भी सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राजधानी जयपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर सहित कई शहरों में सुबह से ही तेज धूप के कारण दिनभर गर्मी का असर बना रहा।

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि अगले 4-5 दिनों तक मौसम साफ रहेगा और पश्चिमी राजस्थान के जिलों में तापमान और बढ़ सकता है। पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग में भी तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी और तेज होगी, ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और धूप से बचने की सलाह दी गई है।

7