Rajasthan Weather Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के जयपुर केंद्र के अनुसार राजस्थान में आने वाले दिनों में गर्मी एक बार फिर तेज होने वाली है। मौसम साफ रहने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार (17 अप्रैल) को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से प्रदेश के मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। कई जिलों में हल्की बारिश और आंधी के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव रहा। चूरू में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बाड़मेर, जैसलमेर और पाली जैसे शहरों में तापमान में गिरावट आई।
पिछले 24 घंटों के दौरान हनुमानगढ़ और चूरू में सुबह से बादल छाए रहे। दोपहर बाद कुछ स्थानों पर आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ा। खेतों में कटी हुई फसलें भीग गईं, वहीं मंडियों में खुले में रखी उपज को भी नुकसान पहुंचा है।
हालांकि, चूरू मुख्यालय और आसपास के इलाकों में आसमान साफ रहने के कारण तेज धूप रही, जिससे यहां गर्मी बढ़ गई और यह प्रदेश का सबसे गर्म स्थान दर्ज किया गया।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से जयपुर, भरतपुर, दौसा और टोंक में दिन के समय हल्के बादल छाए रहे, लेकिन गर्मी से ज्यादा राहत नहीं मिली। शाम होते-होते इन क्षेत्रों में भी मौसम साफ हो गया।
अन्य शहरों की बात करें तो अजमेर में अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस, भीलवाड़ा में 39.2, उदयपुर में 39.5 और नागौर में 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। ऐसे में लोगों को दिन के समय गर्मी और लू से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।










