haribhoomi hindi news
सुबह करीब 7 बजे से शुरू हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कर्मचारी शामिल हैं। मजदूरों की मुख्य मांग वेतन में बढ़ोतरी, काम के घंटों में सुधार और कंपनी अधिकारियों के कथित अभद्र व्यवहार को रोकने की है।

Rajasthan: भिवाड़ी के पथरेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार सुबह से मजदूरों का विरोध प्रदर्शन जारी है। मदरसन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के गेट के बाहर करीब 1000 से 2000 कर्मचारी हड़ताल पर बैठ गए और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

सुबह करीब 7 बजे से शुरू हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कर्मचारी शामिल हैं। मजदूरों की मुख्य मांग वेतन में बढ़ोतरी, काम के घंटों में सुधार और कंपनी अधिकारियों के कथित अभद्र व्यवहार को रोकने की है।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है और कई बार उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया जाता है। इसी के विरोध में उन्होंने सामूहिक रूप से धरना शुरू किया है।

कंपनी में कुल 8000 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें से बड़ी संख्या में मजदूर इस आंदोलन में शामिल हो गए हैं। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। राजस्थान पुलिस के अधिकारी, जिनमें चोपानकी थाना प्रभारी भी शामिल हैं, मौके पर मौजूद हैं और मजदूरों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं।

कंपनी प्रबंधन की ओर से भी पुलिस को सूचना दी गई थी, जिसके बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रण में रखने का प्रयास शुरू किया। फिलहाल कोई हिंसा या तोड़फोड़ की सूचना नहीं है, लेकिन माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। मजदूर अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं और बातचीत के बावजूद धरना जारी है। आने वाले समय में यह प्रदर्शन और बड़ा रूप ले सकता है।

7