Logo
election banner
Maharashtra BJP MLA Shoots Shiv Sena Leader: भाजपा विधायक गणेश और शिवसेना के शहर प्रमुख महेश गायकवाड़ के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते दोनों नेता हिल लाइन पुलिस थाने पहुंचे थे। दोनों नेताओं के समर्थक भी पुलिस स्टेशन के बाहर जमा थे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

Maharashtra BJP MLA Shoots Shiv Sena Leader: महाराष्ट्र से बड़ी खबर है। शुक्रवार देर रात उल्हासनगर में बीजेपी विधायक गणेश ( गणपत) गायकवाड़ ने शिवसेना नेता महेश गायकवाड़ को गोली मार दी। यह वारदात हिल लाइन पुलिस स्टेशन में एक वरिष्ठ पुलिसकर्मी के केबिन के अंदर हुई। इस घटना में शिवसेना विधायक राहुल पाटिल भी घायल हुए हैं। विधायक गणेश और शिवसेना नेता महेश और उनके समर्थक लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवाद को लेकर शिकायत दर्ज कराने के लिए पहुंचे थे। घटना के बाद तुरंत पुलिसकर्मियों ने आरोपी विधायक गणेश गायकवाड़ को हिरासत में ले लिया गया। 

शिकायत लेकर पहुंचे थे थाने दोनों नेता
जानकारी के अनुसार, भाजपा विधायक गणेश और शिवसेना के शहर प्रमुख महेश गायकवाड़ के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते दोनों नेता हिल लाइन पुलिस थाने पहुंचे थे। दोनों नेताओं के समर्थक भी पुलिस स्टेशन के बाहर जमा थे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। विवाद के बीच भाजपा विधायक ने पिस्तौल निकालकर शिवसेना नेता महेश पर फायरिंग कर दी। सूत्रों का कहना है कि भाजपा विधायक ने चार राउंड फायरिंग की। गोलियों की आवाज सुनकर बाहर खड़े समर्थक दौड़ पड़े। 

ज्यूपिटर हॉस्पिटल में चल रहा दोनों घायलों का इलाज
गोली लगने से शिवसेना नेता महेश घायल हो गए। वहीं, शिवसेना विधायक राहुल पाटिल भी घायल हुए। दोनों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। महेश गायकवाड़ को पहले उल्हासनगर के मीरा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, हालत गंभीर होने के बाद उन्हें रात करीब 11 बजे ठाणे के ज्यूपिटर हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया। राहुल पाटिल भी इसी अस्पताल में भर्ती हैं। गणेश गायकवाड़ को गिरफ्तार कर लिया गया है। पिस्तौल भी जब्त कर ली गई है। 

भाजपा विधायक ने किया बड़ा दावा
शिवसेना नेता के समर्थक ज्यूपिटर अस्पताल में जमा हो गए हैं और शहर में तनाव व्याप्त है। एक न्यूज चैनल से फोन पर बात करते हुए गणेश गायकवाड़ ने कहा कि घटना पर कोर्ट जो भी फैसला लेगा, वह उसे स्वीकार होगा। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और कहा कि शिवसेना प्रमुख के शासन में अपराध बढ़ गया है। गायकवाड़ ने यह भी आरोप लगाया कि एकनाथ शिंदे भाजपा के साथ विश्वासघात करेंगे। 

बीजेपी विधायक ने कहा कि एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे को धोखा दिया और वह बीजेपी के साथ भी वैसा ही धोखा करने जा रहे हैं। एकनाथ शिंदे ने मुझसे भी लाखों रुपये हड़पे हैं। इस घटना के संबंध में अदालत जो भी फैसला करेगी, मुझे स्वीकार होगा। उन्होंने कहा कि वह लोगों को बताना चाहते हैं कि वह अपराधी नहीं हैं और कहा कि जनता का विश्वास उनके साथ रहेगा क्योंकि वे उन्हें अच्छी तरह से जानते हैं। 

डीसीपी ने कहा- मामले की जांच जारी
डीसीपी सुधाकर पठारे का कहना है कि महेश गायकवाड़ और गणपत गायकवाड़ के बीच किसी बात को लेकर मतभेद हो गया और वे शिकायत देने के लिए पुलिस स्टेशन आए। उसी समय, उनके बीच बातचीत हुई और गणपत गायकवाड़ ने महेश गायकवाड़ और उनके लोगों पर गोली चला दी। इसमें 2 लोग घायल हुए हैं। जांच जारी है। 

उद्धव गुट ने सरकार पर साधा निशाना
उल्हासनगर फायरिंग की घटना पर शिवसेना (यूबीटी) नेता आनंद दुबे का कहना है कि यह फायरिंग पुलिस स्टेशन के अंदर हुई है। जिसने गोली चलाई वह बीजेपी विधायक गणपत गायकवाड़ थे, जिस पर गोली चली वह शिव सेना शिंदे गुट के नेता महेश गायकवाड़ थे। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक विधायक जिसे लाखों लोगों के कल्याण के लिए काम करने की जरूरत है, वह लोगों को गोली मार रहा है। डबल इंजन सरकार में, दो दलों के नेता लड़ रहे हैं और एक-दूसरे को मारने की कोशिश कर रहे हैं।

5379487