Noida Worker Protest Case: नोएडा में श्रमिक प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़काने के मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि गौतमबुद्धनगर क्षेत्र में हुए श्रमिक धरना-प्रदर्शन के दौरान दोनों ने भड़काऊ गतिविधियों और हिंसक घटनाओं को संचालित करने में अपनी अहम भूमिका निभाई है। बता दें कि इस मामले को लेकर पुलिस ने थाना फेस-2 में मुकदमा पहले ही केस दर्ज कर लिया था।
जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु ठाकुर और सत्यम वर्मा के तौर पर हुई है। दोनों पर आरोप लगा है कि इन्होंने श्रमिक प्रदर्शन के दौरान हिंसा को भड़काया है। पुलिस पहले से आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार कई जगहों पर छापेमारी कर रही थी। कार्रवाई के दौरान इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और तकनीकी सबूतों के आधार पर हिमांशु ठाकुर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच में पता लगा है कि हिमांशु ठाकुर मूल रूप से काशीपुर (उधम सिंह नगर) का रहने वाला है। मौजूदा समय में वह दिल्ली के शालीमार बाग में रह रहा था। इसके साथ ही दूसरा आरोपी सत्यम वर्मा लखनऊ के निशातगंज का रहने वाला है। हिमांशु ठाकुर से पूछताछ के बाद सत्यम को गिरफ्तार किया गया है।
In Noida, Phase-2 police arrested two more accused, Himanshu Thakur and Satyam Verma, in the labour protest violence case for allegedly inciting unrest. Investigations link them to mastermind Aditya Anand, with further legal action underway to dismantle the network: Noida Police pic.twitter.com/XGZ3lulEAy
— IANS (@ians_india) April 20, 2026
दोनों आरोपियों का 'विगुल मजदूर दस्ता' से कनेक्शन
पुलिस जांच में पता लगा है कि दोनों आरोपी किसी 'विगुल मजदूर दस्ता' से कनेक्ट थे। दोनों ने प्रदर्शन के दौरान भीड़ को उकसाने और हिंसा फैलाने में अपनी अहम भूमिका निभाई है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आया है कि घटना वाले दिन हिमांशु ठाकुर नोएडा में था, जो मास्टरमाइंड आदित्य आनंद के लगातार संपर्क में था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है, फिलहाल पुलिस इस मामले से जुड़ें अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।









